![]() |
| धरमजयगढ़ विकासखंड के कापू में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पात्र दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर तथा अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। |
कापू निवासी सुरेश यादव लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सुशासन तिहार शिविर में उनके आवेदन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्रायसाइकिल मिलने से उनके लिए दैनिक कार्यों हेतु आवागमन सुगम हो सकेगा।
इसी प्रकार एक दृष्टिबाधित महिला को ब्लाइंड स्टिक प्रदान की गई, जिससे सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन में सहायता मिलेगी। वहीं अघनमती, रतनराम, रामसाय तथा बोदोबाई तिर्की सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। इन सहायक उपकरणों से उनके दैनिक आवागमन में सुविधा होगी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया गया तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक एवं वॉकिंग स्टिक जैसे सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। उपसंचालक समाज कल्याण विभाग श्री शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि विभाग द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
