16 जून से 15 अगस्त तक जिले में मत्स्याखेट पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर 25 हजार रुपये तक जुर्माना

मत्स्याखेट प्रतिबंध संबंधी AI निर्मित सांकेतिक ग्राफिक
सांकेतिक AI ग्राफिक। रायगढ़ जिले में 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक मत्स्याखेट पर प्रतिबंध रहेगा।
रायगढ़, 11 जून 2026/ वर्षा ऋतु के दौरान मछलियों की वंश वृद्धि एवं प्राकृतिक प्रजनन को संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक की अवधि को बंद ऋतु (क्लोज सीजन) घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम-1972 की धारा-3 उपधारा-2 के तहत जारी निर्देशों के अनुसार इस अवधि में रायगढ़ जिले के अंतर्गत अधिकांश जल संसाधनों में मत्स्याखेट (मछली पकड़ने) की गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी।

            सहायक संचालक मछली पालन विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी नदी, नाले, जलाशय एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में 16 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ना निषिद्ध रहेगा। हालांकि ऐसे छोटे तालाब एवं जल स्रोत, जिनका किसी नदी या नाले से कोई संबंध नहीं है, तथा जलाशयों में संचालित केज कल्चर गतिविधियां इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी।


उल्लंघन करने वालों पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना

बंद ऋतु के दौरान मत्स्याखेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) दिनांक 1 जनवरी 2026 में प्रकाशित छत्तीसगढ़ जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) (द्वितीय) अधिनियम, 2025 के तहत संशोधित प्रावधानों के अनुसार छत्तीसगढ़ मत्स्य क्षेत्र अधिनियम, 1948 की धारा-5 के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर 25 हजार रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जा सकता है। मत्स्य विभाग ने जिले के मछुआरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे बंद ऋतु के दौरान मत्स्याखेट से परहेज करें तथा मछलियों के संरक्षण एवं मत्स्य संसाधनों के संवर्धन में सहयोग प्रदान करें, ताकि भविष्य में मत्स्य उत्पादन एवं जैव विविधता को बढ़ावा मिल सके।

गिरधारी साव की विवेचना वाले पांच वर्ष पुराने प्रकरण में तीन आरोपी दोषसिद्ध

पांच वर्ष पुराने प्रकरण के विवेचक उप निरीक्षक गिरधारी साव
उप निरीक्षक गिरधारी साव ने प्रकरण की विवेचना की थी। मामले में न्यायालय ने तीन आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई।
रायगढ़, 11 जून 2026। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, घरघोड़ा के न्यायालय ने छेड़खानी एवं महिला की गरिमा भंग करने से जुड़े एक प्रकरण में तीन आरोपियों तरुण कुमार साहू, छबिलाल साहू एवं उग्रसेन साहू को दोषसिद्ध पाते हुए 3-3 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। प्रकरण थाना पूंजीपथरा क्षेत्र का है, जिसकी विवेचना तत्कालीन थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा की गई थी। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रकरण की पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री सत्यनारायण महिलाने द्वारा की गई।

अभियोजन के अनुसार, 23 अक्टूबर 2020 को पीड़िता ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर 2020 को वह अपने मंगेतर के साथ मोटरसाइकिल से बंजारी मंदिर, तराईमाल दर्शन के लिए गई थी। मंदिर से लौटते समय गोदगोदा नाला घाट के समीप आरोपियों द्वारा पीड़िता एवं उसके मंगेतर के साथ गाली-गलौज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने उनके पास से नगदी एवं मोबाइल ले लिए तथा पीड़िता और उसके मंगेतर के फोटो एवं वीडियो तैयार किए। साथ ही उन्हें वायरल करने की धमकी देकर राशि की मांग की गई।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा पीड़िता सहित अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किए गए। जप्त मोबाइल फोन का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया, जिसमें आरोपियों द्वारा वीडियो बनाए जाने से संबंधित साक्ष्य प्राप्त हुए।

विचारण के दौरान न्यायालय में पीड़िता, उसके मंगेतर सहित कुल 9 साक्षियों के बयान दर्ज कराए गए तथा 16 दस्तावेजी एवं भौतिक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। न्यायालय ने साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर पाया कि आरोपियों द्वारा पीड़िता के फोटो एवं वीडियो तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई तथा महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई।
न्यायालय ने तीनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 354-क, 354-ग एवं 509-क के तहत दोषसिद्ध पाया तथा धारा 354-क एवं 354-ग के अंतर्गत 3-3 वर्ष तथा धारा 509-क के अंतर्गत 1-1 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। हालांकि, अभियोजन पक्ष लूटपाट से संबंधित धाराओं को सिद्ध करने में सफल नहीं हो सका।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के विरुद्ध अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस प्रभावी विवेचना के माध्यम से न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुशासन तिहार: कापू शिविर में दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को मिले सहायक उपकरण

कापू में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान हितग्राहियों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाते हुए
धरमजयगढ़ विकासखंड के कापू में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पात्र दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर तथा अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
रायगढ़, 11 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के तहत धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र कापू में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

कापू निवासी सुरेश यादव लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सुशासन तिहार शिविर में उनके आवेदन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्रायसाइकिल मिलने से उनके लिए दैनिक कार्यों हेतु आवागमन सुगम हो सकेगा।

इसी प्रकार एक दृष्टिबाधित महिला को ब्लाइंड स्टिक प्रदान की गई, जिससे सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन में सहायता मिलेगी। वहीं अघनमती, रतनराम, रामसाय तथा बोदोबाई तिर्की सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। इन सहायक उपकरणों से उनके दैनिक आवागमन में सुविधा होगी।

समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया गया तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक एवं वॉकिंग स्टिक जैसे सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। उपसंचालक समाज कल्याण विभाग श्री शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि विभाग द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

किरोड़ीमल जिला अस्पताल में पहली बार सफल स्पाइन सर्जरी, स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस मरीज को मिली राहत

किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में स्पाइन सर्जरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत चिकित्सक
स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस से पीड़ित मरीज की सर्जरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत विशेषज्ञ चिकित्सक दल
रायगढ़, 07 जून 2026// रायगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई। किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय में पहली बार रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस सफलता के साथ जिला अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अब गंभीर स्पाइन संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत एवं सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं के समन्वय का ही परिणाम है कि जिला अस्पताल में पहली बार स्पाइन सर्जरी जैसी जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की जा सकी। यह ऑपरेशन ओपी जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल के वरिष्ठ स्पाइन सर्जन डॉ. पाढ़ी के सहयोग से संपन्न हुआ।
रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में सफल स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम
रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में सफल स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम
शल्य चिकित्सा टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पटेल, डॉ. राजकुमार गुप्ता, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पद्मलोचन पटेल, डॉ. ऊषा किरण भगत सहित ऑपरेशन थिएटर स्टाफ लाल कुमारी महंत एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मरीज लंबे समय से स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस (Lumbar Spine L4-L5) नामक गंभीर रीढ़ संबंधी बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी के कारण रीढ़ की नलिका संकरी हो जाने से नसों पर दबाव पड़ रहा था, जिससे उसे पैरों में झुनझुनी, असहनीय दर्द तथा कमजोरी की शिकायत थी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि उसकी सामान्य दिनचर्या और चलने-फिरने की क्षमता भी प्रभावित हो चुकी थी। चिकित्सकों ने अस्पताल में उपलब्ध नई सी-आर्म मशीन की सहायता से लेमिनेक्टॉमी एवं डिस्केक्टॉमी शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है तथा दर्द, झुनझुनी और कमजोरी में लगातार कमी आ रही है। यह सफलता केवल एक मरीज के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रायगढ़ के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र की बढ़ती क्षमता, विशेषज्ञता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रतीक है। जिला अस्पताल में जटिल शल्य चिकित्साओं की सफल शुरुआत से आम नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध होने का विश्वास मिला है।

किसान बनकर पहुंचे कृषि अधिकारी, लैलूंगा में खाद बिक्री में अनियमितता; 74 बोरी खाद जब्त

लैलूंगा में खाद बिक्री मामले की जांच के दौरान गोदाम में रखी खाद की बोरियों का निरीक्षण करते कृषि विभाग के अधिकारी
लैलूंगा में जांच के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने गोदाम में रखी खाद की बोरियों का निरीक्षण किया।

रायगढ़, 6 जून 2026।
किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में निगरानी और औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को लैलूंगा विकासखंड में कृषि विभाग की जांच के दौरान खाद बिक्री में अनियमितता का मामला सामने आया, जिसके बाद प्रशासन ने संबंधित गोदाम को सील कर 74 बोरी खाद जब्त कर ली। साथ ही खाद विक्रय पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाते हुए संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

लैलूंगा में खाद बिक्री मामले में कार्रवाई के बाद सील किए गए गोदाम के सामने खड़े कृषि विभाग के अधिकारी
जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद प्रशासन ने गोदाम सील कर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि स्वयं किसान बनकर खाद खरीदने पहुंचे थे। जांच के दौरान सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) खाद, जिसकी कीमत लगभग 750 रुपये प्रति बोरी बताई गई है, उसे किसानों को 1800 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचे जाने की बात सामने आई। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक बोरी पर एक हजार रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि वसूले जाने की बात सामने आई।

शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लैलूंगा स्थित एक दुकान के गोदाम को सील कर दिया तथा वहां रखी 74 बोरी खाद जब्त कर ली। जांच में अनियमितता पाए जाने पर दुकान के खाद विक्रय पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही संचालक से जवाब तलब करते हुए नोटिस जारी किया गया है।

किसानों के हितों से समझौता नहीं

कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले में खाद की कृत्रिम कमी नहीं होने दी जाए और किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा है कि अधिक मूल्य वसूली, जमाखोरी अथवा अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार राज्य शासन के निर्देशों के तहत जिलेभर में खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सके।

आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों के भंडारण एवं विक्रय की नियमित जांच जारी रहेगी। यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलते हुए या कृत्रिम अभाव उत्पन्न करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान उर्वरक निरीक्षक श्री पवन उरांव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री फुलेश्वर पैकरा सहित कृषि विभाग का अमला मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य वसूली संबंधी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही कार में अवैध गांजा बरामद, लैलूंगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ओडिशा से अंबिकापुर जा रही कार से बरामद अवैध गांजा, लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई
ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही कार में अवैध गांजा बरामद, लैलूंगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
 लैलूंगा। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।कटकलिया में पुलिस द्वारा रोकी गई कारपुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा से अंबिकापुर की ओर एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया गांव के पास घेराबंदी कर कार क्रमांक OD10H0050 को रोककर तलाशी ली।लैलूंगा पुलिस द्वारा बरामद अवैध गांजे की खेपतलाशी के दौरान वाहन से अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गांजा, वाहन एवं अन्य सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। सूचना मिलने पर लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर जांच की, जिसमें अवैध गांजा बरामद किया गया।"

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लैलूंगा क्षेत्र के आसमान में लगातार दिख रहा छोटा विमान (चार्टड प्लेन), लोगों में उत्सुकता

लैलूंगा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना

लैलूंगा। विकासखंड के विभिन्न गांवों के ऊपर पिछले कुछ दिनों से एक छोटा विमान ( चार्टड प्लेन )उड़ता दिखाई दे रहा है। विमान को बार-बार क्षेत्र के ऊपर राउंड लगाते देख लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लैलूंगा क्षेत्र में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना
स्थानीय लोगों के अनुसार विमान पिछले कुछ दिनों से दिन के समय क्षेत्र के ऊपर कई बार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ता नजर आता है, जिससे लोगों का ध्यान उसकी ओर आकर्षित हो रहा है।

इसी बीच कई लोगों ने विमान के वीडियो और तस्वीरें भी कैद की हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं ।

लैलूंगा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से विमान की लगातार गतिविधियों को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रतिदिन विभिन्न समय पर विमान के दिखाई देने से लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि विमान के उद्देश्य को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नोट : यह समाचार क्षेत्र में देखी गई गतिविधियों एवं उपलब्ध तस्वीर के आधार पर तैयार किया गया है। विमान के उद्देश्य की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सुशासन तिहार में ग्रामीणों की समस्या का त्वरित समाधान,वित्त मंत्री की पहल पर 24 घंटे के भीतर बदला गया ट्रांसफार्मर

रायगढ़ के ग्राम चपले बयांग चौक में खराब ट्रांसफार्मर बदलते विद्युत विभाग के कर्मचारी
रायगढ़, 23 मई 2026। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘सुशासन तिहार’ के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। रायगढ़ जिले के ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब होने से उत्पन्न बिजली संकट का समाधान मात्र 24 से 30 घंटे के भीतर कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। भीषण गर्मी के बीच बिजली बाधित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पेयजल व्यवस्था सहित दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं।

ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।

मंत्री के निर्देश मिलते ही अवकाश के दिन भी विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय हो गए और युद्ध स्तर पर कार्य प्रारंभ किया। विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चपले, बयांग चौक में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

बिजली व्यवस्था सुचारू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है तथा शासन की संवेदनशीलता गांव स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

रायगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते महापौर, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी
रायगढ़, 23 मई 2026/ जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में आज रायगढ़ को बड़ी सौगात मिली। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया। महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया। आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक विवेचना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा जिले को यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित यह यूनिट अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी।

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते एसएसपी शशि मोहन सिंह

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रायगढ़ में क्षेत्रीय एफएसएल लैब की स्थापना और अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की शुरुआत से अपराध जांच प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान रायगढ़ में क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल लैब) का शुभारंभ किया था। इस प्रयोगशाला से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की पुलिस जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अब अधिकांश वैज्ञानिक परीक्षण स्थानीय स्तर पर ही संभव होने से जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सकेगा।

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में जिले को साइबर थाना, क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला और डायल-112 के लिए 16 आधुनिक ईआरवी वाहन मिले हैं। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संग्रहण और परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

      उप संचालक एफएसएल एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ.पी.एस. भगत ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत अब गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की तत्काल मौजूदगी अनिवार्य हो गई है। ऐसे में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर त्वरित वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी। मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकों और “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा सकेगा। वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल संग्रह उपकरण, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, बुलेट होल एवं जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण तथा जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे, जो अपराधियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार करने में मददगार साबित होंगे।

        इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तजेश्वरी देवी देवांगन, एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी, उप संचालक अभियोजन श्री वेद प्रकाश पटेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, आरआई श्री अमित सिंह, थाना प्रभारीगण, पार्षदगण, जिला न्यायालय, अभियोजन कार्यालय, पुलिस विभाग, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने किया।

छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग आवश्यक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायगढ़ में उत्कल दिवस समारोह को संबोधित करते हुए
उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रथ यात्रा के लिए 5 लाख की घोषणा, समाज की प्रतिभाओं को विशेष उपलब्धियों के लिए किया सम्मानित

समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां पर आधारित सुविधा पत्रिका का हुआ विमोचन

रायगढ़, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे उत्कल जननी’ के मधुर गायन के साथ हुआ।
            कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे यहां अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता ने उन्हें 20 वर्षों तक सांसद के रूप में अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है और वही स्नेह उन्हें आज भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे बीच ‘रोटी-बेटी’ का अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जशपुर के कुनकुरी से लेकर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों तक बड़ी संख्या में लोग उड़िया बोलते हैं। देवभोग-गरियाबंद में आज भी महाप्रसाद के रूप में भात मिलता है और छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में रथ यात्रा का आयोजन होता है। यह रिश्ता सदियों पुराना है। उन्होंने रायपुर में निर्मित भव्य जगन्नाथ मंदिर का भी उल्लेख किया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में उत्कल समाज की 'सुविधा' पत्रिका का विमोचन किया

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की बहुप्रतीक्षित पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया, जिसमें समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां और संपर्क नंबर संकलित हैं। समाज की मांग पर उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा मंदिर जीर्णोद्धार और अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। शासन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 8 लाख आवास रिकॉर्ड समय में पूर्ण किए गए हैं। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है, जिससे प्रदेश खुशहाली की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा रामलला दर्शन योजना शुरू किया गया है। इस योजना के तहत अब तक लगभग 42 हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना के माध्यम से आम नागरिकों को सुगम एवं व्यवस्थित रूप से तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी आस्था को सशक्त करना है।रायगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्कल समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध कठोर कानून का बिल पास किया गया है, जिसमें कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इससे अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगेगी। बस्तर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और जवानों के अदम्य में साहस से सरकार ने नक्सलियों के प्रभाव को समाप्त करने में सफलता पाई है और अब वहां नियद नेल्लानार के तहत सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न विभागों में 20 से 25 हजार भर्तियां की गई हैं। चयन मंडल का गठन कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। पीएससी गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच कराई गई है और ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य वन एवं खनिज संपदा से समृद्ध है। वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल से राहत देने के लिए बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 शुरू की है। इसका उद्देश्य लंबे समय से लंबित बिजली बिल का भुगतान आसान किस्तों में करने का अवसर देना है। योजना के तहत बकाया बिल पर लगने वाले सरचार्ज में राहत या छूट दी जाती है। साथ ही आसान किस्तों में भुगतान करने का विकल्प दिया गया है। इसका लाभ लेने के लिए सीएसपीडीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट या अपने नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की 8 प्रतिभाओं श्रीतनु गुरु, अजय गुप्ता, डॉ.रोशन कुमार होता, कु.उन्नति मिश्रा, अपूर्वा गुरु, अनन्या गुरु, नंद किशोर सतपथी एवं निशांत नामदेव को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारसुगुड़ा विधायक श्री टंकाधर त्रिपाठी, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री जगन्नाथ पाणिग्राही, श्री रत्थू गुप्ता, श्री सुभाष पाण्डेय, जिला उत्कल विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश मिश्रा सहित समिति के सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं उपस्थित रहे।

राजस्व पखवाड़ा के तहत गांव-गांव राजस्व शिविर, लंबित प्रकरणों का होगा त्वरित निराकरण

राजस्व पखवाड़ा के लिए आयोजित बैठक01 अप्रैल से शुरू होगा प्रथम चरण, किसानों-ग्रामीणों को मिलेगा मौके पर समाधान

रायगढ़, 30 मार्च 2026। जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत गांव-गांव में राजस्व शिविर आयोजित कर किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। राजस्व पखवाड़ा तीन चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल, द्वितीय चरण 04 मई से 18 मई तथा तृतीय चरण 01 जून से 15 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। 

            कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित एवं परिणाममुखी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अमला गांव स्तर पर पहुंचकर लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। अभियान के तहत अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बटांकन, व्यपवर्तन इत्यादि से संबंधित समय-सीमा से बाहर प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। साथ ही फौती नामांतरण, बंटवारा एवं अभिलेख त्रुटि सुधार के प्रकरणों का ऑनलाइन पंजीयन, नोटिस जारी कर सुनवाई एवं निराकरण भी शिविर स्थल पर ही किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले किसानों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कोटवारों एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक हितग्राही इसका लाभ उठा सकें।

           बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लैलूंगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत हाथी प्रभावित गांवों में हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा, सतत निरीक्षण एवं निगरानी एवं भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा प्रकरणों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन, जनगणना की तैयारी, जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, समग्र शिक्षा एवं आयुष्मान कार्ड जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान पीएम गति शक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मास्टर प्लान निर्माण एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र का भी आयोजन किया गया। रायपुर से अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

तमनार एवं घरघोड़ा में अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह, व्यापक प्रचार-प्रसार और कैरियर मार्गदर्शन आयोजित

तमनार एवं घरघोड़ा में अग्निवीर थलसेना भर्ती हेतु आयोजित कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम।
1 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन, युवाओं से अवसर का लाभ उठाने की अपील

रायगढ़, 30 मार्च 2026// जिले के युवाओं को भारतीय थल सेना में सेवा का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आज शासकीय महाविद्यालय तमनार में थलसेना अग्निवीर भर्ती के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, चयन पद्धति एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं को सेना में करियर बनाने हेतु प्रेरित करते हुए बताया कि अग्निवीर योजना न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि अनुशासन, कौशल और राष्ट्र सेवा का गौरव भी प्रदान करती है। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में रुचि लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।

घरघोड़ा में चलाया गया जनजागरूकता अभियान

इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घरघोड़ा में भी थलसेना अग्निवीर भर्ती पंजीयन के संबंध में पंपलेट का वितरण कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देकर अधिक से अधिक युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इन पदों पर होगी भर्ती और आवेदन की अंतिम तिथि

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक एवं स्टोरकीपर), ट्रेड्समैन (दसवीं एवं आठवीं उत्तीर्ण), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर भर्ती की जाएगी।

संपर्क सूत्र और जिला प्रशासन की अपील

अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप) के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें।

 

जनदर्शन के प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें-कलेक्टर

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी जनदर्शन में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए।
आमजनों की समस्याएं सुनकर मौके पर दिए निर्देश, कहा-पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिले

रायगढ़, 30 मार्च 2026/ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में आज जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी जनदर्शन में आमजनों की समस्याओं को सुनते हुए
  जनदर्शन में ग्राम रेगड़ा के ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, इसके बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिससे आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तहसील पुसौर अंतर्गत ग्राम सुकुलभठली के एक ग्रामीण ने मुख्य मार्ग पर अवैध निर्माण को रोकने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग पुसौर से सुकुलभठली होते हुए रायगढ़ जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अधूरे सड़क निर्माण को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ग्राम-कसडोल के कल्याण साहू ने ऋण पुस्तिका में ऑनलाइन नाम दर्ज कराने एवं डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूर्ण कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

          वहीं ग्राम बनसिया के रघुवर चौधरी ने भूमि अभिलेख में त्रुटि सुधार हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि फौती दर्ज होने एवं मुआवजा प्राप्त होने के बावजूद वर्तमान में रिकॉर्ड में भूमि समलाती खाते में प्रदर्शित हो रही है। इस पर राजस्व अधिकारियों को जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनदर्शन में राशन कार्ड निर्माण, दिव्यांग पेंशन स्वीकृति, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज: प्रसूति विभाग में 20 नए बिस्तरों वाले वार्ड का उद्घाटन।
• स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को मिला 20 बिस्तरों का नया वार्ड

• सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

रायगढ़, 30 मार्च 2026 // रायगढ़ स्थित स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में एक बड़ा विस्तार हुआ है। यहाँ स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाले नए अतिरिक्त वार्ड का शुभारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के संकल्प का असर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को जमीन पर उतारा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में किए गए इस विस्तार से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

मिलेगी समय पर चिकित्सा सुविधा

नए वार्ड के शुभारंभ से रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं को अब बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। यह पहल न केवल अस्पताल की क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि मातृ मृत्यु दर को कम करने और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित होगी।

बढ़ेगी अस्पताल की क्षमता

अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि:

"स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहले 60 बिस्तरों की व्यवस्था थी, लेकिन कई बार मरीजों की संख्या 90 से 100 तक पहुंच जाती थी। ऐसी स्थिति में मरीजों को समुचित सुविधा और आराम देने में कठिनाई होती थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से 20 बिस्तरों का नया वार्ड शुरू किया गया है।"

सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान

नए वार्ड में बेहतर साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। विभागाध्यक्ष डॉ. टी.के. साहू के अनुसार, अब मरीजों को अधिक सुव्यवस्थित और आरामदायक वातावरण में उपचार मिल सकेगा।

इस अवसर पर डॉ. सविता अहिरवाल, डॉ. राघवेन्द्र महिलांगे, डॉ. नरेश पटेल सहित विभाग के समस्त चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

जनगणना-2027 के लिए रायगढ़ में व्यापक तैयारी, कलेक्ट्रेट में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यशाला

रायगढ़, 27 मार्च 2026: राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 की तैयारी को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण पूरे जनगणना कार्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के 47 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह सत्र 29 मार्च तक संचालित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात सभी फील्ड प्रशिक्षक अपने-अपने तहसीलों में चार्ज अधिकारियों के मार्गदर्शन में 8 से 24 अप्रैल तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जिले में जनगणना कार्य सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यशाला
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे, क्योंकि अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी, प्रशासनिक एवं विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न होगा। इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रूप से मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जाएगा।

​जनगणना निदेशालय से राज्य मास्टर ट्रेनर श्री शिवम दास एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री विकास सिन्हा ने प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, मैदानी क्रियान्वयन, तकनीकी उपयोग तथा कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की विधि, जनगणना में प्रयुक्त अवधारणाएं एवं परिभाषाएं, एचएलबी सीमाओं का ग्राउंड ट्रुथिंग, लेआउट मानचित्रों की तैयारी तथा एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग और इसकी विशेषताओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: रामनवमी पर सड़क सुरक्षा का संदेश, 200 हेलमेट का किया वितरण

खरसिया पुलिस ने किया सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 200 हेलमेट वितरण

 रायगढ़, 27 मार्च 2026: रामनवमी के पावन अवसर पर खरसिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए आम जनता को जीवन रक्षा का संकल्प दिलाया गया। एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल की इस विशेष पहल के तहत ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के बीच 200 हेलमेट का वितरण कर सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

खरसिया पुलिस द्वारा रामनवमी पर हेलमेट वितरण , रायगढ़ छत्तीसगढ़
इस अभियान के दौरान एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से समझाया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं, तेज गति से बचें और शराब का सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश दी। साथ ही सभी को यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। पुलिस की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इस सामाजिक जिम्मेदारी वाले कार्य में वेदांता कोल वाशरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में वेदांता वाशरी के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल (एलआर), अमन अग्रवाल (तोता) सहित सहयोगी प्रकाश गोयल, आर.आर. साहू और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जीवन रक्षा का संकल्प है। उन्होंने अपील की है कि सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट पहनना हर व्यक्ति अपनी आदत में शामिल करे।

डीएक्टिवेट आधार को फिर मिलेगी पहचान: रायगढ़ जिला प्रशासन की विशेष पहल से शिविर में हुआ हितग्राहियों का हुआ पुनः सत्यापन

रायगढ़ के सृजन सभा कक्ष में आयोजित डीएक्टिवेट आधार कार्ड पुनः सत्यापन विशेष शिविर का दृश्य


 रायगढ़ | 26 मार्च 2026

रायगढ़ जिले में डीएक्टिवेट और निष्क्रिय हो चुके आधार नंबरों को पुनः सक्रिय करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक प्रभावी कदम उठाया है, जिससे नागरिकों को उनकी पहचान और अधिकार वापस मिल सकेंगे। इसी कड़ी में बुधवार को सृजन सभा कक्ष में एक विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने अपने आधार का पुनः सत्यापन कराया। प्रशासन द्वारा पूर्व सूचना और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से हितग्राहियों को आमंत्रित किया गया था, जिससे शिविर में व्यवस्था सुव्यवस्थित रही।


रायगढ़ आधार शिविर में ऑपरेटर द्वारा बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से हितग्राही का पुनः सत्यापन और लाइव फोटो की प्रक्रिया


​शिविर के दौरान उपस्थित प्रत्येक हितग्राही के आधार का गहन सत्यापन करते हुए उनका बायोमैट्रिक अपडेट किया गया और लाइव फोटो ली गई। इसके साथ ही पहचान और पते से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों, जैसे वोटर आईडी और राशन कार्ड का भी मौके पर मिलान और सत्यापन किया गया। यह पूरी जटिल प्रक्रिया भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) हैदराबाद से आए मैनेजर मोहम्मद सोबान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अभियान को सफल बनाने में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, सीएससी जिला प्रबंधक और जिले के आधार ऑपरेटरों ने आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

​यूआईडीएआई के प्रतिनिधि मोहम्मद सोबान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संपूर्ण प्रक्रिया को पूर्ण होने में लगभग 2 से 3 माह का समय लगेगा, जिसके पश्चात वर्तमान में निष्क्रिय पड़े आधार नंबरों को दोबारा सक्रिय कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन की यह पहल उन नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत साबित होने वाली है, जिनकी पहचान किसी तकनीकी कारणवश निष्क्रिय हो गई थी। आधार के पुनः सक्रिय होते ही ये हितग्राही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से ले सकेंगे और एक बार फिर शासन की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण के समय सलामी देते कृषि मंत्री और अधिकारी


शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभागीय झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित 


रायगढ़, 26 जनवरी ।  77 वां गणतंत्र दिवस जिले में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग विकास, अल्पसंख्यक विकास विभाग, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया।  तत् पश्चात् राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट गाइड की टुकड़ियों द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में 11 प्लाटूनों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर आकाश में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए तथा वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

          मुख्य अतिथि श्री रामविचार नेताम द्वारा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने प्रदेशवासियों को 77 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारे संविधान की शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना का रजत जयंती वर्ष मनाया गया है तथा भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया गया। साथ ही वंदे मातरम् की 150वीं जयंती एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी प्रदेश भर में उत्साहपूर्वक मनाई गई।

           मुख्य अतिथि ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और राज्य गठन के समय जहां धान खरीदी 5 लाख मीट्रिक टन थी वहीं यह बढ़ कर149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। अटल सिंचाई योजना के अंतर्गत वर्षों से लंबित 115 सिंचाई योजनाओं को पूर्ण करने 2800 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मोदी की गारंटी के अनुरूप पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए और अब तक प्रदेश में 26 लाख से अधिक आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की दिशा में 9 हजार स्मार्ट क्लास एवं 22 हजार कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत देश-विदेश से 7 लाख 83 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं तथा अटल नगर नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क की शुरुआत की गई है।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति


सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स स्कूल रहे प्रथम

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स हायर सेकेण्डरी स्कूल रायगढ प्रथम, ओ.पी.जिंदल स्कूल पतरापाली द्वितीय एवं साधुराम विद्या मंदिर कोसमनारा तृतीय स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ परेड प्रदर्शन में नगर सेना महिला बल-प्रथम, जिला महिला पुलिस बल रायगढ़  द्वितीय एवं 6 वीं छ.ग.सषस्त्र बल रायगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह सीनियर व जूनियर खण्ड में एनसीसी सीनियर विंग-प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन-द्वितीय एवं एनसीसी जूनियर डिविजन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्षन करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह में कृषि विभाग की झांकी


विभागों ने निकाली झांकी, जिला पंचायत को मिला प्रथम पुरस्कार

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शासकीय विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिला पंचायत रायगढ़ को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं दूसरे स्थान पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा तृतीय स्थान पर कृषि विभाग रहे। झांकी के प्रदर्शन में नगर पालिका निगम द्वारा अंतराज्यीय बस अड्डा एवं अप्पू राजा पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार की थीम को दर्शाया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा मानव हाथी द्वंद्व की स्थिति में आवश्यक सावधानियों एवं टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 की जानकारी दी गई। 

              परिवहन विभाग द्वारा ई.वी. चार्जिंग स्टेशन की जानकारी प्रस्तुत की गई। पशुधन विकास विभाग द्वारा स्वस्थ पशु-समृद्ध प्रदेश-समृद्ध देश और 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रेडी-टू-ईट यूनिट, मछली पालन विभाग द्वारा फुटकर मत्स्य विक्रय योजना, रेशम विभाग द्वारा टसर कीट पालन, आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदि सेवा केंद्र एवं आदि कर्मयोगी अभियान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हर घर नल से जल, कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती एवं सेवा सहकारी समिति, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैंक सखी, लखपति दीदी, कृषि सखी, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, विकसित भारत विकसित ग्राम एवं स्वच्छता तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा ऑयल पाम पौधारोपण को प्रदर्शित किया गया।

              गणतंत्र दिवस समारोह में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री उमेश अग्रवाल, श्री विजय अग्रवाल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री जितेन्द्र उपाध्याय, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या नागरिकगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह का मंच संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल व व्याख्याता श्रीमती रंजीत कौर घई ने किया।

ग्राम गमेकेला में जन चौपाल, थाना प्रभारी लैलूंगा ने ग्रामीणों को किया जागरूक

ग्राम गमेकेला में आयोजित जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते थाना प्रभारी लैलूंगा


रायगढ़, 24 जनवरी। थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम गमेकेला में 24 जनवरी 2026 को जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का नेतृत्व थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को समसामयिक अपराधों के प्रति जागरूक करना, महिला सुरक्षा को मजबूत करना और जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचना रहा। चौपाल में गांव की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने महिलाओं से जुड़े अपराधों की रोकथाम, साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित यातायात के नियमों तथा मानव तस्करी की पहचान और उससे बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी या ऑनलाइन प्रलोभन से सतर्क रहना आवश्यक है और किसी भी प्रकार की ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। 

यातायात सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन नियमों का पालन न केवल कानून के लिए, बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।


चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को यह भी आगाह किया गया कि कई बार चोर और बदमाश गांवों में फेरी के बहाने  मकानों की रेकी करते हैं और बाद में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे बाहरी व्यक्तियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।


नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि लैलूंगा क्षेत्र के कई गांवों में महिलाओं ने समूह बनाकर अवैध शराब की निगरानी शुरू की है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस की कार्रवाई में सहयोग मिला है, जिससे क्षेत्र में शराबखोरी और उससे जुड़े झगड़ा-मारपीट जैसी घटनाओं में कमी आई है। चौपाल में मौजूद महिलाओं ने समिति बनाकर नशा मुक्ति के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प भी लिया।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की। जन चौपाल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं पुलिस जन सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन प्रभावी और सराहनीय रहा।

युवा नेतृत्व पर फिर जताया भरोसा, सतीश चौहान पुनः बने चौहान समाज युवा प्रकोष्ठ लैलूंगा के अध्यक्ष

चौहान समाज युवा प्रकोष्ठ लैलूंगा के अध्यक्ष सतीश चौहान


रायगढ़। चौहान समाज ब्लॉक संगठन लैलूंगा ने एक बार फिर अनुभवी और सक्रिय नेतृत्व पर भरोसा जताया है। चौहान समाज ब्लॉक संगठन लैलूंगा की बैठक में सर्वसम्मति से सतीश चौहान को पुनः चौहान समाज  युवा प्रकोष्ठ लैलूंगा का अध्यक्ष चुना गया।

सतीश चौहान लंबे समय से समाज के हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में युवाओं को संगठित कर शिक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक एकता और समाज सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ सतीश चौहान वर्तमान में श्रमजीवी पत्रकार संघ लैलूंगा के उपाध्यक्ष भी हैं, जहाँ वे पत्रकार हितों और स्थानीय जनसमस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं।

पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रति विश्वास का प्रतीक है। आने वाले समय में युवाओं को और अधिक संगठित कर समाज को मजबूत दिशा देने का प्रयास जारी रहेगा।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और समाजजनों ने उनके नेतृत्व को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।