कोड़ासियां में ग्राम पंचायत भवन एवं शैक्षणिक संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

कोड़ासियां में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों की उपस्थिति


कोड़ासियां। 77वें गणतंत्र दिवस को ग्राम पंचायत कोड़ासियां में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत भवन में सरपंच चैतमती पैंकरा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को मिष्ठान वितरण किया गया। पंचायत सचिव जयलाल पटेल एवं समस्त पंचगण कोड़सिया एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कोड़ासियां ग्राम पंचायत में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम


कोड़ासियां विद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल शिक्षक और अतिथि गण


विद्यालयों में गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम 

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां सहित क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां में शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी मालाकार एवं जनपद सदस्य हेमसागर नाग द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं संकुल भवन में अधिवक्ता अभय पटेल एवं अशोक मालाकार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

माध्यमिक शाला कोड़ासियां में उपसरपंच जितेंद्र बेहरा एवं प्रेमसागर मालाकार द्वारा, प्राथमिक शाला कोड़ासियां में घनोंराम मालाकार एवं रामसाय नाग द्वारा तथा प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में अखिलेश चौहान एवं जगमोहन नाग द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा परेड एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी गई। विद्यार्थियों ने झंडा गीत गाते हुए कोड़ासियां मुख्य बस्ती में प्रभात फेरी भी निकाली। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें तीनों शालाओं के विद्यार्थियों द्वारा एक ही मंच से संयुक्त रूप से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पिछले शिक्षण सत्र में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण कर समारोह का समापन किया गया।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां के प्राचार्य मालिक चंद भरद्वाज, शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, जनपद सदस्य हेमसागर नाग, सरपंच चैतमती पैंकरा, उपसरपंच जितेंद्र बेहरा, अधिवक्ता अभय पटेल एवं विनोद पटेल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला समिति सदस्य, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कोड़ासियां बालक छात्रावास के बच्चों को दैनिक उपयोगी सामग्री वितरित करते अतिथि


बालक छात्रावास के विद्यार्थियों को वितरित की गई उपयोगी सामग्री

कार्यक्रम के अंतर्गत प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास के विद्यार्थियों को दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण किया गया। छात्रावास अधीक्षक ब्रजमोहन खूंटे द्वारा प्राचार्य मालिक चंद भरद्वाज, शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, उपसरपंच जितेंद्र बेहरा एवं अखिलेश चौहान के हाथों यह सामग्री विद्यार्थियों को वितरित कराई गई।

लैलूंगा के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

लैलूंगा के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह का दृश्य

परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह  बने आकर्षण का केंद्र

लैलूंगा। 77वां गणतंत्र दिवस लैलूंगा में हर्षोल्लास से मनाया गया। लैलूंगा के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सामूहिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

समारोह के दौरान तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया, जिससे शांति और सौहार्द का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के विशेष अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कपिल सिंघानिया रहे। विभिन्न शालाओं से आए विद्यार्थियों द्वारा परेड प्रस्तुत की गई, जिसमें मुख्य अतिथियों द्वारा सलामी ली गई। बच्चों द्वारा परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम दशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

समारोह में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमरदीप स्कूल, सेजस लैलूंगा, कन्या माध्यमिक शाला एवं रामेश्वर गहरा गुरु कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। रंग-बिरंगी वेशभूषा में प्रस्तुत कार्यक्रमों को दर्शकों ने सराहा।

इस अवसर पर विकास खंड लैलूंगा के विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए तथा आम नागरिकों को प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष कृष्णा जायसवाल, उमेश अग्रवाल, शांता साय, जिला मंत्री भाजपा, एसडीएम भरत कौशिक, तहसीलदार शिवम पांडे, नायब तहसीलदार उज्ज्वल पांडे, सीईओ प्रीति नायडू, सीएमओ पुष्पा खलखो, बीईओ रवि सारथी सहित प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण के समय सलामी देते कृषि मंत्री और अधिकारी


शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभागीय झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित 


रायगढ़, 26 जनवरी ।  77 वां गणतंत्र दिवस जिले में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग विकास, अल्पसंख्यक विकास विभाग, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया।  तत् पश्चात् राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट गाइड की टुकड़ियों द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में 11 प्लाटूनों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर आकाश में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए तथा वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

          मुख्य अतिथि श्री रामविचार नेताम द्वारा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने प्रदेशवासियों को 77 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारे संविधान की शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना का रजत जयंती वर्ष मनाया गया है तथा भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया गया। साथ ही वंदे मातरम् की 150वीं जयंती एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी प्रदेश भर में उत्साहपूर्वक मनाई गई।

           मुख्य अतिथि ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और राज्य गठन के समय जहां धान खरीदी 5 लाख मीट्रिक टन थी वहीं यह बढ़ कर149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। अटल सिंचाई योजना के अंतर्गत वर्षों से लंबित 115 सिंचाई योजनाओं को पूर्ण करने 2800 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मोदी की गारंटी के अनुरूप पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए और अब तक प्रदेश में 26 लाख से अधिक आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की दिशा में 9 हजार स्मार्ट क्लास एवं 22 हजार कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत देश-विदेश से 7 लाख 83 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं तथा अटल नगर नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क की शुरुआत की गई है।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति


सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स स्कूल रहे प्रथम

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स हायर सेकेण्डरी स्कूल रायगढ प्रथम, ओ.पी.जिंदल स्कूल पतरापाली द्वितीय एवं साधुराम विद्या मंदिर कोसमनारा तृतीय स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ परेड प्रदर्शन में नगर सेना महिला बल-प्रथम, जिला महिला पुलिस बल रायगढ़  द्वितीय एवं 6 वीं छ.ग.सषस्त्र बल रायगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह सीनियर व जूनियर खण्ड में एनसीसी सीनियर विंग-प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन-द्वितीय एवं एनसीसी जूनियर डिविजन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्षन करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह में कृषि विभाग की झांकी


विभागों ने निकाली झांकी, जिला पंचायत को मिला प्रथम पुरस्कार

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शासकीय विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिला पंचायत रायगढ़ को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं दूसरे स्थान पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा तृतीय स्थान पर कृषि विभाग रहे। झांकी के प्रदर्शन में नगर पालिका निगम द्वारा अंतराज्यीय बस अड्डा एवं अप्पू राजा पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार की थीम को दर्शाया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा मानव हाथी द्वंद्व की स्थिति में आवश्यक सावधानियों एवं टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 की जानकारी दी गई। 

              परिवहन विभाग द्वारा ई.वी. चार्जिंग स्टेशन की जानकारी प्रस्तुत की गई। पशुधन विकास विभाग द्वारा स्वस्थ पशु-समृद्ध प्रदेश-समृद्ध देश और 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रेडी-टू-ईट यूनिट, मछली पालन विभाग द्वारा फुटकर मत्स्य विक्रय योजना, रेशम विभाग द्वारा टसर कीट पालन, आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदि सेवा केंद्र एवं आदि कर्मयोगी अभियान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हर घर नल से जल, कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती एवं सेवा सहकारी समिति, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैंक सखी, लखपति दीदी, कृषि सखी, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, विकसित भारत विकसित ग्राम एवं स्वच्छता तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा ऑयल पाम पौधारोपण को प्रदर्शित किया गया।

              गणतंत्र दिवस समारोह में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री उमेश अग्रवाल, श्री विजय अग्रवाल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री जितेन्द्र उपाध्याय, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या नागरिकगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह का मंच संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल व व्याख्याता श्रीमती रंजीत कौर घई ने किया।