रायगढ़ में चौहान समाज का भव्य सम्मान समारोह : एकता और एकजुटता का दिया संदेश

 

चौहान समाज के सम्मान समारोह में मंच पर उपस्थित अतिथि और समाज के पदाधिकारी
रायगढ़ के पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित चौहान समाज के भव्य सम्मान समारोह में अतिथियों एवं समाजजनों की उपस्थिति।

सतीश चौहान | सह संपादक | अवगत न्यूज़ 

रायगढ़। चौहान समाज द्वारा रायगढ़ के पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में माननीय श्री रामलाल चौहान, अध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रीमती चातुरी डिग्रीलाल नंद, विधायक सरायपाली के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से चौहान समाज के सगा बंधु, माताएं, युवा साथी, वरिष्ठजन एवं समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।  

 कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ईष्ट देव दुल्हा देव एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात समाजजनों ने “बाबा साहब अमर रहें” एवं “ईष्ट देव दुल्हा देव की जय” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का आगाज किया,तत्पश्चात हमारे राजभाषा गीत अरपा पैरी के धार से शांति का संदेश देते हुए पूरे सभागार में उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।  

मुख्य अतिथि रामलाल चौहान, अध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रीमती चातुरी डिग्रीलाल नंद, विधायक सरायपाली के आगमन पर चौहान समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा बाइक एवं कार रैली निकालकर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।  

समारोह के मंच पर सलाहकार, संरक्षक, जिलाध्यक्ष, महापौर एवं कमिश्नर साहब सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों के अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, अठगहिया समाज के अध्यक्ष, समाज की मातृशक्ति, वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।  

युवाओं की सक्रिय सहभागिता की हुई सराहना  

युवा प्रकोष्ठ की बड़ी संख्या में उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता को देखकर अतिथियों और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने युवाओं की खुलकर सराहना की। बाइक एवं कार रैली के माध्यम से युवाओं ने समाज की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया। सभागार मे प्रवेश के पूर्व बाजे गाजे के साथ पुष्पवर्षा आरती एवं तिलक से अभिनंदन किया गया।  

उद्बोधन से गदगद हुए समाजजन  

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामलाल चौहान एवं विधायक चातुरी डिग्रीलाल नंद ने समाज की एकता, शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता एवं विकास पर जोर दिया। दोनों अतिथियों के उद्बोधन से समाजजन उत्साहित नजर आए और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।  

सम्मान समारोह ने बढ़ाया उत्साह  

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। जिलेभर से पहुंचे चौहान समाज के लोगों ने सामाजिक समन्वय, एकता, एकजुटता एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।  

समाज में दिखा बेहतर समन्वय और एकीकरण  

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाज के समस्त सगा बंधुओं, माताओं एवं युवा साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाजजनों ने कहा कि इस आयोजन से समाज में बेहतर समन्वय, एकता, एकजुटता और एकीकरण देखने को मिला, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।  

रायगढ़ में आयोजित यह भव्य सम्मान समारोह चौहान समाज के लिए एक यादगार पल बन गया। कार्यक्रम ने समाज की एकता, युवा शक्ति, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक मजबूती का प्रभावी संदेश दिया। समाजजनों ने कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में सामाजिक एकता और प्रगति के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।  

  

कोडासियां : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित



लैलूंगा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से 22 जून ( सोमवार ) को ग्राम पंचायत भवन कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार रहे। इस अवसर पर संबंधित क्षेत्र के जनपद सदस्य, 25 ग्राम पंचायतों के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर में झरन, पाहाड़लुड़ेग, खम्हार, सलिखिया, घियामुड़ा, राजपुर, हीरापुर, ढाप, कुर्रा, चोरंगा, भेड़ीमुड़ा (अ), राजगांव, बगुडेगा, बैगिनझरिया, कोड़ासिया, घटगांव, रूपडेगा, गुडूबहाल, तारागढ़, मुड़ागांव, बहामा, गहनाझरिया, सरडेगा, बांसडांड़ एवं जामबहार सहित कुल 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। 

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पंजीयन एवं संतृप्तिकरण कार्य को प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र, महतारी वंदन योजना केवाईसी, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा विभिन्न विभागों के सहायता एवं पंजीयन स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई। आधार सेवा केंद्र में आधार से संबंधित कार्यों का निराकरण किया गया, जिससे दूर-दराज़ के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली।

मुख्य अतिथि दीपक सिदार ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के पंजीयन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

लैलूंगा क्षेत्र के आसमान में लगातार दिख रहा छोटा विमान (चार्टड प्लेन), लोगों में उत्सुकता

लैलूंगा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना

लैलूंगा। विकासखंड के विभिन्न गांवों के ऊपर पिछले कुछ दिनों से एक छोटा विमान ( चार्टड प्लेन )उड़ता दिखाई दे रहा है। विमान को बार-बार क्षेत्र के ऊपर राउंड लगाते देख लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लैलूंगा क्षेत्र में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना
स्थानीय लोगों के अनुसार विमान पिछले कुछ दिनों से दिन के समय क्षेत्र के ऊपर कई बार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ता नजर आता है, जिससे लोगों का ध्यान उसकी ओर आकर्षित हो रहा है।

इसी बीच कई लोगों ने विमान के वीडियो और तस्वीरें भी कैद की हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं ।

लैलूंगा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से विमान की लगातार गतिविधियों को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रतिदिन विभिन्न समय पर विमान के दिखाई देने से लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि विमान के उद्देश्य को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नोट : यह समाचार क्षेत्र में देखी गई गतिविधियों एवं उपलब्ध तस्वीर के आधार पर तैयार किया गया है। विमान के उद्देश्य की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सुशासन तिहार में ग्रामीणों की समस्या का त्वरित समाधान,वित्त मंत्री की पहल पर 24 घंटे के भीतर बदला गया ट्रांसफार्मर

रायगढ़ के ग्राम चपले बयांग चौक में खराब ट्रांसफार्मर बदलते विद्युत विभाग के कर्मचारी
रायगढ़, 23 मई 2026। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘सुशासन तिहार’ के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। रायगढ़ जिले के ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब होने से उत्पन्न बिजली संकट का समाधान मात्र 24 से 30 घंटे के भीतर कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। भीषण गर्मी के बीच बिजली बाधित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पेयजल व्यवस्था सहित दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं।

ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।

मंत्री के निर्देश मिलते ही अवकाश के दिन भी विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय हो गए और युद्ध स्तर पर कार्य प्रारंभ किया। विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चपले, बयांग चौक में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

बिजली व्यवस्था सुचारू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है तथा शासन की संवेदनशीलता गांव स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

रायगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते महापौर, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी
रायगढ़, 23 मई 2026/ जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में आज रायगढ़ को बड़ी सौगात मिली। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया। महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया। आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक विवेचना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा जिले को यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित यह यूनिट अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी।

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते एसएसपी शशि मोहन सिंह

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रायगढ़ में क्षेत्रीय एफएसएल लैब की स्थापना और अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की शुरुआत से अपराध जांच प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान रायगढ़ में क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल लैब) का शुभारंभ किया था। इस प्रयोगशाला से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की पुलिस जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अब अधिकांश वैज्ञानिक परीक्षण स्थानीय स्तर पर ही संभव होने से जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सकेगा।

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में जिले को साइबर थाना, क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला और डायल-112 के लिए 16 आधुनिक ईआरवी वाहन मिले हैं। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संग्रहण और परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

      उप संचालक एफएसएल एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ.पी.एस. भगत ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत अब गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की तत्काल मौजूदगी अनिवार्य हो गई है। ऐसे में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर त्वरित वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी। मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकों और “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा सकेगा। वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल संग्रह उपकरण, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, बुलेट होल एवं जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण तथा जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे, जो अपराधियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार करने में मददगार साबित होंगे।

        इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तजेश्वरी देवी देवांगन, एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी, उप संचालक अभियोजन श्री वेद प्रकाश पटेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, आरआई श्री अमित सिंह, थाना प्रभारीगण, पार्षदगण, जिला न्यायालय, अभियोजन कार्यालय, पुलिस विभाग, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने किया।

छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग आवश्यक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायगढ़ में उत्कल दिवस समारोह को संबोधित करते हुए
उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रथ यात्रा के लिए 5 लाख की घोषणा, समाज की प्रतिभाओं को विशेष उपलब्धियों के लिए किया सम्मानित

समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां पर आधारित सुविधा पत्रिका का हुआ विमोचन

रायगढ़, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ‘वन्दे उत्कल जननी’ के मधुर गायन के साथ हुआ।
            कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वे यहां अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता ने उन्हें 20 वर्षों तक सांसद के रूप में अपना भरपूर आशीर्वाद दिया है और वही स्नेह उन्हें आज भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे बीच ‘रोटी-बेटी’ का अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जशपुर के कुनकुरी से लेकर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों तक बड़ी संख्या में लोग उड़िया बोलते हैं। देवभोग-गरियाबंद में आज भी महाप्रसाद के रूप में भात मिलता है और छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में रथ यात्रा का आयोजन होता है। यह रिश्ता सदियों पुराना है। उन्होंने रायपुर में निर्मित भव्य जगन्नाथ मंदिर का भी उल्लेख किया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में उत्कल समाज की 'सुविधा' पत्रिका का विमोचन किया

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की बहुप्रतीक्षित पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया, जिसमें समाज के रीति-रिवाज, उपलब्धियां और संपर्क नंबर संकलित हैं। समाज की मांग पर उन्होंने जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा मंदिर जीर्णोद्धार और अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। शासन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 8 लाख आवास रिकॉर्ड समय में पूर्ण किए गए हैं। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है, जिससे प्रदेश खुशहाली की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा रामलला दर्शन योजना शुरू किया गया है। इस योजना के तहत अब तक लगभग 42 हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना के माध्यम से आम नागरिकों को सुगम एवं व्यवस्थित रूप से तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की जा रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी आस्था को सशक्त करना है।रायगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्कल समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध कठोर कानून का बिल पास किया गया है, जिसमें कड़ी सजा और जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इससे अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगेगी। बस्तर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और जवानों के अदम्य में साहस से सरकार ने नक्सलियों के प्रभाव को समाप्त करने में सफलता पाई है और अब वहां नियद नेल्लानार के तहत सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न विभागों में 20 से 25 हजार भर्तियां की गई हैं। चयन मंडल का गठन कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। पीएससी गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच कराई गई है और ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी समाजों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य वन एवं खनिज संपदा से समृद्ध है। वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल से राहत देने के लिए बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 शुरू की है। इसका उद्देश्य लंबे समय से लंबित बिजली बिल का भुगतान आसान किस्तों में करने का अवसर देना है। योजना के तहत बकाया बिल पर लगने वाले सरचार्ज में राहत या छूट दी जाती है। साथ ही आसान किस्तों में भुगतान करने का विकल्प दिया गया है। इसका लाभ लेने के लिए सीएसपीडीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट या अपने नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की 8 प्रतिभाओं श्रीतनु गुरु, अजय गुप्ता, डॉ.रोशन कुमार होता, कु.उन्नति मिश्रा, अपूर्वा गुरु, अनन्या गुरु, नंद किशोर सतपथी एवं निशांत नामदेव को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारसुगुड़ा विधायक श्री टंकाधर त्रिपाठी, रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री जगन्नाथ पाणिग्राही, श्री रत्थू गुप्ता, श्री सुभाष पाण्डेय, जिला उत्कल विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश मिश्रा सहित समिति के सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं उपस्थित रहे।

तमनार एवं घरघोड़ा में अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह, व्यापक प्रचार-प्रसार और कैरियर मार्गदर्शन आयोजित

तमनार एवं घरघोड़ा में अग्निवीर थलसेना भर्ती हेतु आयोजित कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम।
1 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन, युवाओं से अवसर का लाभ उठाने की अपील

रायगढ़, 30 मार्च 2026// जिले के युवाओं को भारतीय थल सेना में सेवा का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आज शासकीय महाविद्यालय तमनार में थलसेना अग्निवीर भर्ती के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, चयन पद्धति एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं को सेना में करियर बनाने हेतु प्रेरित करते हुए बताया कि अग्निवीर योजना न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि अनुशासन, कौशल और राष्ट्र सेवा का गौरव भी प्रदान करती है। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में रुचि लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।

घरघोड़ा में चलाया गया जनजागरूकता अभियान

इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घरघोड़ा में भी थलसेना अग्निवीर भर्ती पंजीयन के संबंध में पंपलेट का वितरण कर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देकर अधिक से अधिक युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इन पदों पर होगी भर्ती और आवेदन की अंतिम तिथि

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भारतीय थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक एवं स्टोरकीपर), ट्रेड्समैन (दसवीं एवं आठवीं उत्तीर्ण), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट एवं सिपाही फार्मा के पदों पर भर्ती की जाएगी।

संपर्क सूत्र और जिला प्रशासन की अपील

अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप) के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दें।

 

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

रायगढ़ मेडिकल कॉलेज: प्रसूति विभाग में 20 नए बिस्तरों वाले वार्ड का उद्घाटन।
• स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को मिला 20 बिस्तरों का नया वार्ड

• सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार

रायगढ़, 30 मार्च 2026 // रायगढ़ स्थित स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में एक बड़ा विस्तार हुआ है। यहाँ स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाले नए अतिरिक्त वार्ड का शुभारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के संकल्प का असर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को जमीन पर उतारा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में किए गए इस विस्तार से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

मिलेगी समय पर चिकित्सा सुविधा

नए वार्ड के शुभारंभ से रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं को अब बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। यह पहल न केवल अस्पताल की क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि मातृ मृत्यु दर को कम करने और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित होगी।

बढ़ेगी अस्पताल की क्षमता

अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि:

"स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहले 60 बिस्तरों की व्यवस्था थी, लेकिन कई बार मरीजों की संख्या 90 से 100 तक पहुंच जाती थी। ऐसी स्थिति में मरीजों को समुचित सुविधा और आराम देने में कठिनाई होती थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से 20 बिस्तरों का नया वार्ड शुरू किया गया है।"

सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान

नए वार्ड में बेहतर साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। विभागाध्यक्ष डॉ. टी.के. साहू के अनुसार, अब मरीजों को अधिक सुव्यवस्थित और आरामदायक वातावरण में उपचार मिल सकेगा।

इस अवसर पर डॉ. सविता अहिरवाल, डॉ. राघवेन्द्र महिलांगे, डॉ. नरेश पटेल सहित विभाग के समस्त चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

जनगणना-2027 के लिए रायगढ़ में व्यापक तैयारी, कलेक्ट्रेट में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यशाला

रायगढ़, 27 मार्च 2026: राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जनगणना-2027 की तैयारी को लेकर जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण पूरे जनगणना कार्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के 47 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह सत्र 29 मार्च तक संचालित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात सभी फील्ड प्रशिक्षक अपने-अपने तहसीलों में चार्ज अधिकारियों के मार्गदर्शन में 8 से 24 अप्रैल तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जिले में जनगणना कार्य सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में जनगणना-2027 प्रशिक्षण कार्यशाला
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे, क्योंकि अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण आंकड़े विकास योजनाओं की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं। प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी, प्रशासनिक एवं विधिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न होगा। इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रूप से मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जाएगा।

​जनगणना निदेशालय से राज्य मास्टर ट्रेनर श्री शिवम दास एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री विकास सिन्हा ने प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, मैदानी क्रियान्वयन, तकनीकी उपयोग तथा कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की विधि, जनगणना में प्रयुक्त अवधारणाएं एवं परिभाषाएं, एचएलबी सीमाओं का ग्राउंड ट्रुथिंग, लेआउट मानचित्रों की तैयारी तथा एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग और इसकी विशेषताओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: रामनवमी पर सड़क सुरक्षा का संदेश, 200 हेलमेट का किया वितरण

खरसिया पुलिस ने किया सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 200 हेलमेट वितरण

 रायगढ़, 27 मार्च 2026: रामनवमी के पावन अवसर पर खरसिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए आम जनता को जीवन रक्षा का संकल्प दिलाया गया। एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल की इस विशेष पहल के तहत ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के बीच 200 हेलमेट का वितरण कर सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

खरसिया पुलिस द्वारा रामनवमी पर हेलमेट वितरण , रायगढ़ छत्तीसगढ़
इस अभियान के दौरान एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से समझाया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं, तेज गति से बचें और शराब का सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश दी। साथ ही सभी को यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। पुलिस की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इस सामाजिक जिम्मेदारी वाले कार्य में वेदांता कोल वाशरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में वेदांता वाशरी के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल (एलआर), अमन अग्रवाल (तोता) सहित सहयोगी प्रकाश गोयल, आर.आर. साहू और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जीवन रक्षा का संकल्प है। उन्होंने अपील की है कि सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट पहनना हर व्यक्ति अपनी आदत में शामिल करे।

डीएक्टिवेट आधार को फिर मिलेगी पहचान: रायगढ़ जिला प्रशासन की विशेष पहल से शिविर में हुआ हितग्राहियों का हुआ पुनः सत्यापन

रायगढ़ के सृजन सभा कक्ष में आयोजित डीएक्टिवेट आधार कार्ड पुनः सत्यापन विशेष शिविर का दृश्य


 रायगढ़ | 26 मार्च 2026

रायगढ़ जिले में डीएक्टिवेट और निष्क्रिय हो चुके आधार नंबरों को पुनः सक्रिय करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक प्रभावी कदम उठाया है, जिससे नागरिकों को उनकी पहचान और अधिकार वापस मिल सकेंगे। इसी कड़ी में बुधवार को सृजन सभा कक्ष में एक विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में पहुंचे हितग्राहियों ने अपने आधार का पुनः सत्यापन कराया। प्रशासन द्वारा पूर्व सूचना और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से हितग्राहियों को आमंत्रित किया गया था, जिससे शिविर में व्यवस्था सुव्यवस्थित रही।


रायगढ़ आधार शिविर में ऑपरेटर द्वारा बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से हितग्राही का पुनः सत्यापन और लाइव फोटो की प्रक्रिया


​शिविर के दौरान उपस्थित प्रत्येक हितग्राही के आधार का गहन सत्यापन करते हुए उनका बायोमैट्रिक अपडेट किया गया और लाइव फोटो ली गई। इसके साथ ही पहचान और पते से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों, जैसे वोटर आईडी और राशन कार्ड का भी मौके पर मिलान और सत्यापन किया गया। यह पूरी जटिल प्रक्रिया भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) हैदराबाद से आए मैनेजर मोहम्मद सोबान के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अभियान को सफल बनाने में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, सीएससी जिला प्रबंधक और जिले के आधार ऑपरेटरों ने आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

​यूआईडीएआई के प्रतिनिधि मोहम्मद सोबान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संपूर्ण प्रक्रिया को पूर्ण होने में लगभग 2 से 3 माह का समय लगेगा, जिसके पश्चात वर्तमान में निष्क्रिय पड़े आधार नंबरों को दोबारा सक्रिय कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन की यह पहल उन नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत साबित होने वाली है, जिनकी पहचान किसी तकनीकी कारणवश निष्क्रिय हो गई थी। आधार के पुनः सक्रिय होते ही ये हितग्राही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से ले सकेंगे और एक बार फिर शासन की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे।

रायगढ़: लैलूंगा के घटगांव में अवैध अफीम की खेती पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

लैलूंगा के घटगांव में अवैध अफीम की खेती पर पुलिस का छापा
रायगढ़ | 23 मार्च, 2026. 
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चल रहे ‘ड्रोन सर्वे अभियान’ के तहत जिला प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम नवीन घटगांव में तकनीक की मदद से अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।लैलूंगा के घटगांव में अवैध अफीम की खेती पर प्रशासन की कार्रवाईपुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध अफीम की खेती पर कार्रवाई

जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। इसी दौरान नवीन घटगांव क्षेत्र में संदिग्ध फसल की मौजूदगी का पता चला। सूचना मिलते ही राजस्व, कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया।

जांच के दौरान किसान साधराम नागवंशी के खेत में लगभग 2 डिसमिल क्षेत्र में अफीम (पोस्ता) के पौधे पाए गए, जिन्हें टीम ने विधिवत् जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान ही गांव के एक अन्य व्यक्ति अभिमन्यु नागवंशी के घर में अफीम की सूखी फसल रखे होने की जानकारी मिली। टीम के पहुंचने पर आरोपी साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास कर रहा था, जिसे समय रहते रोक लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों, 60 वर्षीय साधराम नागवंशी और 20 वर्षीय अभिमन्यु नागवंशी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पूछ ताछ शुरू कर दिया है।

दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए ड्रोन सर्वे अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पहलुओं भी जांच कर रही है।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण के समय सलामी देते कृषि मंत्री और अधिकारी


शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह

स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभागीय झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित 


रायगढ़, 26 जनवरी ।  77 वां गणतंत्र दिवस जिले में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग विकास, अल्पसंख्यक विकास विभाग, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया।  तत् पश्चात् राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया तथा पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट गाइड की टुकड़ियों द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में 11 प्लाटूनों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर आकाश में तिरंगे गुब्बारे छोड़े गए तथा वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

          मुख्य अतिथि श्री रामविचार नेताम द्वारा मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने प्रदेशवासियों को 77 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारे संविधान की शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना का रजत जयंती वर्ष मनाया गया है तथा भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया गया। साथ ही वंदे मातरम् की 150वीं जयंती एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी प्रदेश भर में उत्साहपूर्वक मनाई गई।

           मुख्य अतिथि ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और राज्य गठन के समय जहां धान खरीदी 5 लाख मीट्रिक टन थी वहीं यह बढ़ कर149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई है। अटल सिंचाई योजना के अंतर्गत वर्षों से लंबित 115 सिंचाई योजनाओं को पूर्ण करने 2800 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मोदी की गारंटी के अनुरूप पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए और अब तक प्रदेश में 26 लाख से अधिक आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की दिशा में 9 हजार स्मार्ट क्लास एवं 22 हजार कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के अंतर्गत देश-विदेश से 7 लाख 83 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं तथा अटल नगर नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क की शुरुआत की गई है।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति


सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स स्कूल रहे प्रथम

समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कार्मेल गर्ल्स हायर सेकेण्डरी स्कूल रायगढ प्रथम, ओ.पी.जिंदल स्कूल पतरापाली द्वितीय एवं साधुराम विद्या मंदिर कोसमनारा तृतीय स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ परेड प्रदर्शन में नगर सेना महिला बल-प्रथम, जिला महिला पुलिस बल रायगढ़  द्वितीय एवं 6 वीं छ.ग.सषस्त्र बल रायगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह सीनियर व जूनियर खण्ड में एनसीसी सीनियर विंग-प्रथम, एनसीसी सीनियर डिवीजन-द्वितीय एवं एनसीसी जूनियर डिविजन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्षन करने वाले 162 अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

रायगढ़ में गणतंत्र दिवस समारोह में कृषि विभाग की झांकी


विभागों ने निकाली झांकी, जिला पंचायत को मिला प्रथम पुरस्कार

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शासकीय विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिला पंचायत रायगढ़ को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं दूसरे स्थान पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा तृतीय स्थान पर कृषि विभाग रहे। झांकी के प्रदर्शन में नगर पालिका निगम द्वारा अंतराज्यीय बस अड्डा एवं अप्पू राजा पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार की थीम को दर्शाया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा मानव हाथी द्वंद्व की स्थिति में आवश्यक सावधानियों एवं टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 की जानकारी दी गई। 

              परिवहन विभाग द्वारा ई.वी. चार्जिंग स्टेशन की जानकारी प्रस्तुत की गई। पशुधन विकास विभाग द्वारा स्वस्थ पशु-समृद्ध प्रदेश-समृद्ध देश और 25 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रेडी-टू-ईट यूनिट, मछली पालन विभाग द्वारा फुटकर मत्स्य विक्रय योजना, रेशम विभाग द्वारा टसर कीट पालन, आदिवासी विकास विभाग द्वारा आदि सेवा केंद्र एवं आदि कर्मयोगी अभियान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हर घर नल से जल, कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती एवं सेवा सहकारी समिति, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैंक सखी, लखपति दीदी, कृषि सखी, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, विकसित भारत विकसित ग्राम एवं स्वच्छता तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा ऑयल पाम पौधारोपण को प्रदर्शित किया गया।

              गणतंत्र दिवस समारोह में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री उमेश अग्रवाल, श्री विजय अग्रवाल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, डीएफओ रायगढ़ श्री अरविंद पीएम, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री जितेन्द्र उपाध्याय, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ.प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या नागरिकगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह का मंच संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल व व्याख्याता श्रीमती रंजीत कौर घई ने किया।

लैलूंगा में 7 स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने की तैयारी, रात्रिकालीन रोशनी होगी बेहतर

लैलूंगा नगर पंचायत क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट पोल लगाने का कार्य, क्रेन की मदद से स्थापित किया जा रहा पोल


लैलूंगा नगर पंचायत क्षेत्र में रात्रिकालीन रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना बनाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,1 लाइट लगभग 6 लाख रुपये की लागत से 8 लाइट युक्त हाईमास्ट पोल लगाए जाएंगे।

इस योजना के तहत नगर के 7 प्रमुख स्थानों—जनपद चौक, अटल परिसर, मुक्तिधाम, कोतबा चौक (नीचे पारा), अग्रसेन चौक, अटल चौक एवं समलाई मंदिर परिसर—में हाईमास्ट लाइट पोल स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। ये स्थान नगर के व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्र माने जाते हैं, जहां रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता रहती है। 

इस योजना के क्रियान्वयन से सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी बल मिलेगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष कपिल सिंघानिया के अनुसार कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी की जा रही है। आने वाले समय में नगर क्षेत्र में अन्य विकास कार्य भी प्रस्तावित किए जाएंगे।

खरसिया के बेटे ने साउथ एशियन कॉम्बैट चैंपियनशिप में लहराया परचम, पहलवानी में जीता गोल्ड मेडल

खरसिया के पुष्पराज डनसेना ने साउथ एशियन कॉम्बैट रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।


खेल समाचार 

नेपाल के लुंबिनी में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बन रायगढ़ जिला का बेटा पुष्पराज डनसेना ने पहलवानी में अंतराष्ट्रीय साउथ एशियन कॉम्बैट रेसलिंग चैम्पियन में परचम लहराया है। साउथ एशियन चैम्पियनशिप में भाग लेकर गोल्ड मेडल जीतकर अपने ग्राम पंचायत सोड़का के साथ साथ पूरे रायगढ़ जिले का नाम रोशन किया। 

साउथ एशियन चैम्पियनशिप में भारत, नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान, चीन, भूटान सहित आठ देशों के पहलवान ने बीते 30 अगस्त से 1 सितंबर तक नेपाल के काठमांडू में अपना प्रदर्शन दिखाया। जिसमें रायगढ़ जिला के खरसिया तहसील के ग्राम पंचायत सोड़का के बेटे ने परचम लहराया।

उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल में “उड़ान सपनों की” वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन

उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमजयगढ़ में उड़ान सपनों की वार्षिक उत्सव कार्यक्रम


धरमजयगढ़ से राजू यादव की रिपोर्ट 

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ स्थित उर्सु लाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल में वार्षिक उत्सव “उड़ान सपनों की” का भव्य एवं रंगारंग आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।


वहीं अपने उद्बोधन में सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान करते हुए बच्चों को मोबाइल से उचित दूरी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि वे सही दिशा में आगे बढ़ सकें।

 वार्षिक उत्सव के दौरान बच्चों ने देशभक्ति, बाल मजदूरी उन्मूलन तथा खेल-खेल में शिक्षा जैसे विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। अतिथियों का स्वागत बच्चों द्वारा बैंड की मधुर धुन एवं पुष्पवर्षा के साथ किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, जनप्रतिनिधि, पत्रकार साथी एवं अन्य विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का शैक्षणिक के साथ-साथ रचनात्मक और सामाजिक विकास भी निरंतर होता है।

राजपुर में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी सहारा, सुधनी नाग को मिले 2 लाख रुपये

 


चन्द्रशेखर जायसवाल


राजपुर। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए जीवनरेखा साबित हुई है। ग्राम कोड़ासिया निवासी मृतक दिनेश नाग की पत्नी सुधनी नाग को इस योजना के अंतर्गत ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) की बीमा राशि प्रदान की गई। यह राशि छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, शाखा राजपुर के प्रबंधक शन्नी कुमार सिंह के द्वारा विधिवत रूप से सौंपी गई।


पति के आकस्मिक निधन के बाद सुधनी नाग पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी आ गई थी। ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से प्राप्त यह आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। बैंक प्रबंधन की तत्परता और सही मार्गदर्शन के चलते बीमा दावा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया गया, जिससे लाभार्थी को समय पर सहायता मिल सकी।


इस अवसर पर शाखा प्रबंधक शन्नी कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सुरक्षा कवच प्रदान करना है। मात्र नाममात्र के प्रीमियम पर यह योजना परिवार को संकट के समय मजबूत आर्थिक सहारा देती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना से अवश्य जुड़ें, ताकि भविष्य में उनके परिवार सुरक्षित रह सकें।


स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं वास्तव में ज़मीनी स्तर पर लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। सुधनी नाग ने सरकार और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उन्हें अपने बच्चों के भविष्य और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी।


यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरत के समय आम नागरिकों के लिए  सहारा बन रही है।

सारंगढ़ में प्रदेश स्तरीय पत्रकार कार्यशैली सम्मेलन व कवि सम्मेलन, एकजुटता का सशक्त संदेश

सारंगढ़ में आयोजित पत्रकार कार्यशैली सम्मेलन के दौरान मंच से संबोधन

सारंगढ़। प्रदेश स्तरीय पत्रकार कार्यशैली सम्मेलन एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन सारंगढ़ में किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ भर से आए सैकड़ों पत्रकारों, साहित्यकारों और कवियों ने हिस्सा लेकर पत्रकारिता की गरिमा, स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकजुट शक्ति का प्रतीक बन गया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में जब सच्ची पत्रकारिता पर दबाव, भय और लालच के बादल मंडरा रहे हैं, तब ऐसे आयोजन पत्रकारों को नई ऊर्जा और दिशा देते हैं। वक्ताओं ने साफ कहा कि पत्रकारों को किसी भी परिस्थिति में सच के साथ खड़ा रहना चाहिए, चाहे हालात कितने भी कठिन क्यों न हों।

कार्यशैली सत्र में वरिष्ठ पत्रकारों ने युवा पत्रकारों को खबरों की सत्यता, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता देने का मंत्र दिया। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने का मिशन है। जब पत्रकार एकजुट होते हैं, तब सत्ता और व्यवस्था को भी जनता की आवाज सुननी पड़ती है।

इसी कड़ी में आयोजित कवि सम्मेलन ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया। कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, व्यंग्यात्मक और राष्ट्रप्रेरक रचनाओं से माहौल को जोश से भर दिया। मंच से निकली हर पंक्ति मानो पत्रकारों के हौसले को और मजबूत कर रही थी। तालियों की गड़गड़ाहट और “वाह-वाह” की गूंज से पूरा पंडाल गूंज उठा।

इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत रही पत्रकारों की अभूतपूर्व एकता। अलग-अलग जिलों और संस्थानों से आए पत्रकारों ने यह संदेश दिया कि भले ही उनकी कलम अलग-अलग हो, लेकिन सच, न्याय और जनहित के लिए उनका संघर्ष एक है। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों पर आने वाली चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों में हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

सारंगढ़ का यह आयोजन प्रदेश भर के पत्रकारों के लिए प्रेरणा बन गया है। 

नदी किनारे मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

नदी किनारे मिले महिला के शव से जुड़ी खबर का थंबनेल


तेज कुमार साहू (tej24cgnews.in)

जानकारी अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र में कुरकुट नदी के किनारे एक महिला की शव मिलने की खबर सामने आई है। घटना 10 जनवरी की बताई जा रही है, जब बैहामुड़ा से बनखेता जाने वाले रास्ते में नदी किनारे अज्ञात महिला का शव देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए शव को घरघोड़ा अस्पताल भेजा गया। पुलिस जांच में मृत महिला की पहचान राम प्यारी सारथी, पिता धोबाई राम, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी पोरडा, थाना घरघोड़ा के रूप में की जा रही है। शव की हालत से अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मृत्यु करीब 4 से 5 दिन पूर्व हुई होगी। बताया जा रहा है कि शव 4 - 5 दिन पुराना हो सकता है , वहीं महिला के दोनों हाथ बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों द्वारा शव को नुकसान पहुंचाया गया हो।

फिलहाल घरघोड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह हत्या, आत्महत्या या कोई अन्य कारण इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

लैलूंगा पुलिस ने ग्राम नारायणपुर में जन चौपाल लगाकर महिला अपराध व साइबर क्राइम पर किया जागरूक

लैलूंगा पुलिस द्वारा ग्राम नारायणपुर में जन चौपाल आयोजित

तेज कुमार साहू (tej24cgnews.in)

  रायगढ़, 10 जनवरी । थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में ग्राम नारायणपुर के आश्रित ग्राम मुड़ापारा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को महिला संबंधी अपराधों एवं साइबर अपराधों की जानकारी देकर उनसे बचाव के उपाय बताए गए। चौपाल के दौरान थाना प्रभारी द्वारा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज प्रताड़ना, बाल अपराध जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी साझा करने के खतरे और डिजिटल सुरक्षा के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सावधान रहें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी साइबर अपराध की तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

          इस जन चौपाल में गांव की महिलाओं ने लैलूंगा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए अपने गांव में भी नशाबंदी के लिए एकजुट होकर नशे के विरुद्ध सख्त कदम उठाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि नशे की वजह से परिवार और समाज पर बुरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए वे पुलिस के साथ मिलकर नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगी। चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने पुलिस से निरंतर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।