केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित

अखिलेश चौहान
23 जून 2026 , 9:58 am IST

लैलूंगा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से 22 जून ( सोमवार ) को ग्राम पंचायत भवन कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार रहे। इस अवसर पर संबंधित क्षेत्र के जनपद सदस्य, 25 ग्राम पंचायतों के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर में झरन, पाहाड़लुड़ेग, खम्हार, सलिखिया, घियामुड़ा, राजपुर, हीरापुर, ढाप, कुर्रा, चोरंगा, भेड़ीमुड़ा (अ), राजगांव, बगुडेगा, बैगिनझरिया, कोड़ासिया, घटगांव, रूपडेगा, गुडूबहाल, तारागढ़, मुड़ागांव, बहामा, गहनाझरिया, सरडेगा, बांसडांड़ एवं जामबहार सहित कुल 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। 

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पंजीयन एवं संतृप्तिकरण कार्य को प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र, महतारी वंदन योजना केवाईसी, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा विभिन्न विभागों के सहायता एवं पंजीयन स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई। आधार सेवा केंद्र में आधार से संबंधित कार्यों का निराकरण किया गया, जिससे दूर-दराज़ के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली।

मुख्य अतिथि दीपक सिदार ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के पंजीयन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

...