रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल: रामनवमी पर सड़क सुरक्षा का संदेश, 200 हेलमेट का किया वितरण

खरसिया पुलिस ने किया सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 200 हेलमेट वितरण

 रायगढ़, 27 मार्च 2026: रामनवमी के पावन अवसर पर खरसिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए आम जनता को जीवन रक्षा का संकल्प दिलाया गया। एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल की इस विशेष पहल के तहत ग्राम कुनकुनी में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के बीच 200 हेलमेट का वितरण कर सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

खरसिया पुलिस द्वारा रामनवमी पर हेलमेट वितरण , रायगढ़ छत्तीसगढ़
इस अभियान के दौरान एसडीओपी श्री प्रभात पटेल ने उपस्थित वाहन चालकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से समझाया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना जीवन के लिए अत्यंत जोखिमपूर्ण है। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं, तेज गति से बचें और शराब का सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश दी। साथ ही सभी को यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई। पुलिस की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इस सामाजिक जिम्मेदारी वाले कार्य में वेदांता कोल वाशरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में वेदांता वाशरी के डायरेक्टर ऋषभ अग्रवाल (एलआर), अमन अग्रवाल (तोता) सहित सहयोगी प्रकाश गोयल, आर.आर. साहू और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन के बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने अपना संदेश साझा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जीवन रक्षा का संकल्प है। उन्होंने अपील की है कि सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट पहनना हर व्यक्ति अपनी आदत में शामिल करे।