पुटूकछार में रपटा पुल के ऊपर तक बह रहा नदी का पानी : चार दिनों से आवागमन प्रभावित, स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे


पुटूकछार में रपटा पुल के ऊपर बह रहा नदी का पानी
पुटूकछार में खम्हार-पुटूकछार मार्ग पर रपटा पुल के ऊपर नदी का पानी बहने से आवागमन प्रभावित 
 रिपोर्ट: राजू यादव | धरमजयगढ़

धरमजयगढ़। विकासखंड धरमजयगढ़ के ग्राम पंचायत पुटूकछार में खम्हार-पुटूकछार मार्ग पर नदी में बना रपटा पुल के ऊपर से पानी का बहना इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लगातार  बारिश के कारण पिछले चार दिनों से नदी का पानी रपटा पुल के ऊपर से बह रहा है, जिसके चलते आवागमन  प्रभावित हो गया है। इसका  असर बच्चों की शिक्षा  पर भी पड़ रहा है रपटा पुल के ऊपर से तेज पानी के बहाव के कारण स्कूली बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहीं ग्रामीणों के लिए उस रास्ते पर कही  जाना आना भी प्रभावित हो गया है। 


ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ते ही रपटा पुल पानी में डूब जाता है। वर्तमान में लगातार बारिश से पिछले चार दिनों से पुल के ऊपर पानी बहने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश के कारण बढ़े जल स्तर का असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों के स्कूल नहीं पहुंच पाने से उनकी पढ़ाई प्रभावित सकती है ।

नदी भरा देख वापस लौटते हुए स्कूली बच्चे
नदी भरा देख वापस लौटते हुए स्कूली बच्चे 

ग्रामीणों का कहना 

ग्राम पंचायत के उपसरपंच भुनेश्वर यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पिछले वर्ष भी आपदा प्रबंधन अधिकारी सहित संबंधित उच्च अधिकारियों, विधायक तथा मुख्यमंत्री समाधान शिविर तक शिकायत की गई थी। लेकिन अभी तक समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सका है।


ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में नदी का जल स्तर बढ़ने पर इस रपटा पुल से पानी ऊपर बहने लगता है जिससे आवागमन में  परेशानी से कई गतिविधियों में ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ता है । यह स्थिति लगभग हर वर्ष बनती है। 

ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही समस्या दोहराती है। नदी का जलस्तर बढ़ते ही रपटा पुल डूब जाता है और गांव का संपर्क प्रभावित हो जाता है। ऐसे में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग से समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में आवागमन और शिक्षा जैसी जरूरी गतिविधियां बाधित न हों।


रायगढ़ में चौहान समाज का भव्य सम्मान समारोह : एकता और एकजुटता का दिया संदेश

 

चौहान समाज के सम्मान समारोह में मंच पर उपस्थित अतिथि और समाज के पदाधिकारी
रायगढ़ के पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में आयोजित चौहान समाज के भव्य सम्मान समारोह में अतिथियों एवं समाजजनों की उपस्थिति।

सतीश चौहान | सह संपादक | अवगत न्यूज़ 

रायगढ़। चौहान समाज द्वारा रायगढ़ के पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में माननीय श्री रामलाल चौहान, अध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रीमती चातुरी डिग्रीलाल नंद, विधायक सरायपाली के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से चौहान समाज के सगा बंधु, माताएं, युवा साथी, वरिष्ठजन एवं समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।  

 कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ईष्ट देव दुल्हा देव एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात समाजजनों ने “बाबा साहब अमर रहें” एवं “ईष्ट देव दुल्हा देव की जय” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का आगाज किया,तत्पश्चात हमारे राजभाषा गीत अरपा पैरी के धार से शांति का संदेश देते हुए पूरे सभागार में उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।  

मुख्य अतिथि रामलाल चौहान, अध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग, छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रीमती चातुरी डिग्रीलाल नंद, विधायक सरायपाली के आगमन पर चौहान समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा बाइक एवं कार रैली निकालकर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।  

समारोह के मंच पर सलाहकार, संरक्षक, जिलाध्यक्ष, महापौर एवं कमिश्नर साहब सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों के अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, अठगहिया समाज के अध्यक्ष, समाज की मातृशक्ति, वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।  

युवाओं की सक्रिय सहभागिता की हुई सराहना  

युवा प्रकोष्ठ की बड़ी संख्या में उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता को देखकर अतिथियों और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने युवाओं की खुलकर सराहना की। बाइक एवं कार रैली के माध्यम से युवाओं ने समाज की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक शक्ति का परिचय दिया। सभागार मे प्रवेश के पूर्व बाजे गाजे के साथ पुष्पवर्षा आरती एवं तिलक से अभिनंदन किया गया।  

उद्बोधन से गदगद हुए समाजजन  

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामलाल चौहान एवं विधायक चातुरी डिग्रीलाल नंद ने समाज की एकता, शिक्षा, संगठन, सामाजिक समरसता एवं विकास पर जोर दिया। दोनों अतिथियों के उद्बोधन से समाजजन उत्साहित नजर आए और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।  

सम्मान समारोह ने बढ़ाया उत्साह  

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। जिलेभर से पहुंचे चौहान समाज के लोगों ने सामाजिक समन्वय, एकता, एकजुटता एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।  

समाज में दिखा बेहतर समन्वय और एकीकरण  

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समाज के समस्त सगा बंधुओं, माताओं एवं युवा साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाजजनों ने कहा कि इस आयोजन से समाज में बेहतर समन्वय, एकता, एकजुटता और एकीकरण देखने को मिला, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।  

रायगढ़ में आयोजित यह भव्य सम्मान समारोह चौहान समाज के लिए एक यादगार पल बन गया। कार्यक्रम ने समाज की एकता, युवा शक्ति, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक मजबूती का प्रभावी संदेश दिया। समाजजनों ने कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में सामाजिक एकता और प्रगति के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।  

  

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में नए सांस्कृतिक मंच की घोषणा : विद्यार्थियों एवं कोटवार को किया गया सम्मानित

 

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोडासिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित करते अभय पटेल एवं विनोद पटेल। समारोह में नए सांस्कृतिक मंच के निर्माण की घोषणा भी की गई।

कोडासिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कोडासिया में आयोजित समारोह देशभक्ति, उत्साह और सम्मान की भावनाओं से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान अभय पटेल (अधिवक्ता /नोटरी ) एवं विनोद पटेल  (अधिवक्ता /नोटरी ) , दोनों भाइयों ने विद्यालय में नया सांस्कृतिक मंच बनवाने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत करते हुए इसे विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा को बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में सराहनीय पहल बताया। नया सांस्कृतिक मंच बनने से भविष्य में विद्यालय में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोडासिया के स्वतंत्रता दिवस समारोह में अभय पटेल एवं विनोद पटेल
स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कोडासिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अभय पटेल एवं विनोद पटेल। दोनों ने विद्यालय में नए सांस्कृतिक मंच का निर्माण करवाने की घोषणा की।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में अपनी-अपनी कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कु. सहोद्रा सिदार, कु. खुशी मालाकार (12 वीं विज्ञान) , कु. रानी चौहान (10 वीं)  को अपनी कक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होते विद्यार्थी
सम्मानित होते विद्यार्थी 

उत्कृष्ट कार्य के लिए कोटवार मनोहर लाल चौहान सम्मानित

इसी क्रम में ग्राम कोडासिया के कोटवार श्री मनोहर लाल चौहान को भी उनके उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यों के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।  ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें कोटवार की ड्रेस कपड़ा प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होते मनोहर लाल चौहान ( कोटवार कोडासिया )
सम्मानित होते मनोहर लाल चौहान ( कोटवार कोडासिया )
कोटवार मनोहर लाल चौहान द्वारा अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन किए जाने की सराहना करते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। मनोहर लाल चौहान कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन मंत्री भी हैं।


समारोह में शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री लक्ष्मी प्रसाद मालाकार जी, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चैतमती पैंकरा, सचिव, पंचायत के जनप्रतिनिधि, शाला विकास समिति के सदस्य एवं शिक्षक गण , विद्यार्थी  एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं कोटवार का सम्मान तथा विद्यालय में नए सांस्कृतिक मंच के निर्माण की घोषणा समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे। एक ओर विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोटवार का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, वहीं दूसरी ओर नए सांस्कृतिक मंच की घोषणा से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।

ग्राम पंचायत आमापाली में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

  

आमापाली, 15 अगस्त 2026। ग्राम पंचायत आमापाली में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह में ग्राम पंचायत आमापाली की सरपंच श्रीमती पूर्णिमा सिदार एवं पंचायत सचिव श्रीमती रामप्यारी राठिया सहित वार्ड पंच श्रीमती सोहोद्रा मांझी, श्रीमती अनीता राठिया, तुलसीराम राठिया, मुदाई हेतराम पटेल, श्रीमती मानमती राठिया एवं श्रीमती मनकुंवर राठिया उपस्थित रहीं। इसके साथ ही मितानिन श्रीमती सियावती राठिया सहित ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण भी समारोह में शामिल हुए।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरुषों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशहित के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों ने आपसी भाईचारे, विकास और ग्राम पंचायत की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

ग्राम पंचायत बीरसिंघा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

 


लैलूंगा। ग्राम पंचायत बीरसिंघा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बीरसिंघा के सरपंच एवं अध्यक्ष, सरपंच संघ जनपद पंचायत लैलूंगा, श्री शिवप्रकाश भगत सहित पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। पूरे पंचायत परिसर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से देशभक्ति का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद पंचराम भगत के घर पहुँचा भाजपा युवा मोर्चा, परिजनों को भेंट किया तिरंगा: ‘एक पेड़ शहीद के नाम’ के तहत रोपा आम का पौधा

 

स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा युवा मोर्चा लैलूंगा द्वारा शहीद पंचराम भगत के घर परिसर में आम का पौधा रोपित करते सदस्य और राष्ट्रीय ध्वज भेंट करते कार्यकर्ता
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा लैलूंगा ने शहीद पंचराम भगत के राजपुर स्थित घर पहुँचकर परिजनों को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया और “एक पेड़ शहीद के नाम” के तहत आम का पौधा रोपित किया।

लैलूंगा/राजपुर। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा लैलूंगा द्वारा वीर शहीद पंचराम भगत के राजपुर स्थित घर पहुँचकर उनके परिवार को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहीद के अमर बलिदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर “एक पेड़ शहीद के नाम” अभियान के तहत शहीद पंचराम भगत के घर परिसर में फलदार आम का पौधा भी रोपित किया गया। पौधरोपण के माध्यम से उनके बलिदान की स्मृति को सदैव जीवंत रखने का संदेश दिया गया।

शहीद पंचराम भगत का सर्वोच्च बलिदान

शहीद पंचराम भगत, पिता श्री रामसाय भगत, निवासी राजपुर उरांवपारा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) थे। दिनांक 28 अप्रैल 2016 को वे सर्चिंग गश्त के दौरान असिस्टेंट प्लाटून कमांडर का दायित्व निभाते हुए मिरतुर, भैरमगढ़, जिला बीजापुर में प्रेशर बम की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे।

शहीद पंचराम भगत जैसे वीर सपूतों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष में उनके जैसे वीर योद्धाओं के योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा।

भाजपा युवा मोर्चा द्वारा शहीद के घर जाकर राष्ट्रीय ध्वज भेंट करना और “एक पेड़ शहीद के नाम” के तहत आम का पौधा रोपित करना उनके अमर बलिदान को श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास बताया गया।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा लैलूंगा के अध्यक्ष श्री रोहन यादव, महामंत्री श्री एकांत भोय एवं श्री गजेंद्र राठिया तथा उपाध्यक्ष श्री सम्मान अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

ग्राम पंचायत जतरा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस : ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान

ग्राम पंचायत जतरा में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करते ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि
ग्राम पंचायत जतरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण एवं समारोह में शामिल ग्रामीण और जनप्रतिनिधि।
जागेश्वर भुईहर | जिला ब्यूरो रायगढ़ | अवगत न्यूज़

जतरा, 15 अगस्त 2026: ग्राम पंचायत जतरा में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।

समारोह में ग्राम पंचायत जतरा के सरपंच श्री धनसिंह सिदार जी, उपसरपंच श्री जागेश्वर भुईहर जी सहित समस्त पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश की एकता, अखंडता और विकास में सभी से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान पंचायत परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

छत्तीसगढ़ कोटवार एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष श्री प्रेम किशोर बाघ का 14 अगस्त को रायगढ़ में होगा आगमन, जिलेभर के कोटवार होंगे शामिल

 

रायगढ़: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ कोटवार एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष श्री प्रेम किशोर बाघ का आगामी 14 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में आगमन होने जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम को लेकर जिले के कोटवारों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

प्रांताध्यक्ष के इस आगमन पर उनके स्वागत, उनकी बातों को सुनने, जानने एवं समझने के लिए रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाली तमाम तहसीलों से बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले के तमाम पदाधिकारियों द्वारा पूरी तैयारी की जा रही है।

जिला पदाधिकारियों की अपील

जिला संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने जिले के सभी कोटवार साथियों से विनम्र आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बैठक एवं सभा संबोधन में हिस्सा लें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निम्नलिखित पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं:

श्री श्याम लाल चौहान (जिला अध्यक्ष)

श्री मनोहर लाल चौहान (जिला उपाध्यक्ष)

श्री संजय चौहान (जिला सचिव)

पल्लव चौहान (जिला कोषाध्यक्ष)

सुरेंद्र कुमार चौहान (जिला संगठन मंत्री)

धनुर्जय चौहान एवं शौकी लाल (जिला महामंत्रियों एवं अन्य साथियों द्वारा संयुक्त अपील)

जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार : की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

रायगढ़ जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की योजनाओं और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि


रिपोर्ट: जागेश्वर भुईहर ( जिला ब्यूरो रायगढ़ ) 

 रायगढ़। जिला पंचायत रायगढ़ में जिला स्तरीय शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों के प्रवेश, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, मध्यान्ह भोजन, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण सहित विद्यालय भवनों, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा जिले की शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों से जानकारी 

जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक कुमार सिदार शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ



इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिदार ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव बताते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत के सदस्य तथा विभिन्न जनपद पंचायतों के उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ रायगढ़ जिले की शिक्षा व्यवस्था को धरातल पर और अधिक मजबूत बनाना तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना रहा।

शिक्षा में सुधार, विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तथा विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आवश्यक प्रयासों पर बैठक में चर्चा की गई।

कोडासियां : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित



लैलूंगा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से 22 जून ( सोमवार ) को ग्राम पंचायत भवन कोड़ासिया में वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार रहे। इस अवसर पर संबंधित क्षेत्र के जनपद सदस्य, 25 ग्राम पंचायतों के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शिविर में झरन, पाहाड़लुड़ेग, खम्हार, सलिखिया, घियामुड़ा, राजपुर, हीरापुर, ढाप, कुर्रा, चोरंगा, भेड़ीमुड़ा (अ), राजगांव, बगुडेगा, बैगिनझरिया, कोड़ासिया, घटगांव, रूपडेगा, गुडूबहाल, तारागढ़, मुड़ागांव, बहामा, गहनाझरिया, सरडेगा, बांसडांड़ एवं जामबहार सहित कुल 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। 

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पंजीयन एवं संतृप्तिकरण कार्य को प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र, महतारी वंदन योजना केवाईसी, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा विभिन्न विभागों के सहायता एवं पंजीयन स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई। आधार सेवा केंद्र में आधार से संबंधित कार्यों का निराकरण किया गया, जिससे दूर-दराज़ के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली।

मुख्य अतिथि दीपक सिदार ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के पंजीयन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

विश्व योग दिवस पर झगरपुर में योग कार्यक्रम का आयोजन

विश्व योग दिवस के अवसर पर झगरपुर हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित योग कार्यक्रम 
रिपोर्ट - जागेश्वर ( जतरा / लैलूंगा)

झगरपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम झगरपुर हाई स्कूल प्रांगण में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजपा युवा मोर्चा) मंडल द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गजेंद्र राठिया एकांत जागेश्वर भुईहर नूतन प्रधान प्रेमलाल चौहान कांशी पैंकरा शोम सदावर्ती अशोक बैग धनेश्वर राठिया महेश राठिया मकरध्वज शनील राठिया गोलू शाहू चंद्रसेन कृष्ण अगरिया अभिषेक चौहान और युवा भाजपा कार्यकर्ताओं एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया।

विश्व योग दिवस के अवसर पर झगरपुर हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित योग कार्यक्रम में योगाभ्यास करते 
कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने एवं अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक विकास का भी माध्यम है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक युवा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर विश्व योग दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया ।

प्राथमिक शाला चारगोड़ा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का किया गया स्वागत

शाला प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक वितरण करते अतिथि व शिक्षक।
प्राथमिक शाला चारगोड़ा में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के साथ अतिथि एवं शिक्षकगण।
रिपोर्ट - प्रमोद प्रधान (लैलूंगा)

लैलूंगा। वार्ड क्रमांक 06 स्थित प्राथमिक शाला चारगोड़ा में 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक युवा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शिवशंकर पैंकरा उपस्थित रहे। उनके साथ शाला विकास समिति के अध्यक्ष, पालकगण, जनप्रतिनिधि एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
अतिथियों ने बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान शाला विकास समिति के अध्यक्ष, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोड़ासिया में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

 

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोड़ासिया में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का दृश्य।
प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि।
कोड़ासिया। शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान प्राप्त कर चुके स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोड़ासिया में 18 जून 2026 को प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष विद्यालय को स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ है, जिसके बाद आयोजित यह पहला प्रवेश उत्सव विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोड़ासिया में सम्मानित विद्यार्थी और अतिथि।
प्रवेश उत्सव में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित कर अध्ययन सामग्री वितरित करते अतिथि।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री पारेश्वर प्रधान तथा विशिष्ट अतिथि श्री लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, श्री गौरी शंकर मालाकार, श्री रामसाय नाग, श्री कन्हैयालाल मालाकार एवं श्री सेतराम मालाकार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

विद्यालय के प्राचार्य श्री मालिकचंद्र भारद्वाज के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का चंदन तिलक लगाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। बच्चों को मिठाई वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकों  का वितरण किया गया। साथ ही कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई । कक्षा 9 वीं में प्रवेश लेने वाली छात्रा को साइकिल भी दिया गया।

स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोड़ासिया में प्रवेश उत्सव के दौरान छात्रा को साइकिल वितरित करते अतिथि।
साइकिल प्रदान करते मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि।
अपने संबोधन में अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि श्री लक्ष्मी प्रसाद मालाकार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है तथा समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम भी।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री मालिकचंद्र भारद्वाज द्वारा प्रवेश उत्सव से संबंधित प्रेरणादायी शुभकामना गीत प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और नए शैक्षणिक सत्र की योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने का संदेश दिया। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

विद्यालय को हाल ही में प्राप्त स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय की नई पहचान के बीच आयोजित यह प्रवेश उत्सव शिक्षा के प्रति विद्यालय परिवार की प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प का प्रतीक बनकर उभरा।

अठारह गढ़ फूल माली समाज गादी कोडासियां ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान, शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

 

कोडासियां समाज भवन में आयोजित समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते समाज के पदाधिकारी।
कोडासियां स्थित समाज भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कोडासियां। अठारह गढ़ फूल माली समाज गादी कोडासियां के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान हेतु एक गरिमामय समारोह का आयोजन समाज भवन, कोडासियां में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

अठारह गढ़ फूल माली समाज गादी कोडासियां के पदाधिकारी एवं बच्चे समूह फोटो के दौरान।
कार्यक्रम के दौरान समाज के बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का संदेश दिया गया।
समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में नेहा पटेल (कक्षा 12वीं – 85.8 प्रतिशत), मिताली मालाकार (कक्षा 10वीं – 85.6 प्रतिशत), अनिष्का पटेल (कक्षा 10वीं – 90.67 प्रतिशत) एवं सोहन मालाकार (कक्षा 10वीं – 86.5 प्रतिशत) शामिल रहे। समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड और कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को पेन प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अठारह गढ़ फूल माली समाज गादी कोडासियां के अंचल अधिकारी घनोराम मालाकार, गादी सरपंच लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, गादी उपसरपंच बोधराम मालाकार, सचिव साधु मालाकार, प्रवक्ता अभय पटेल (अधिवक्ता), विनोद पटेल (अधिवक्ता/ नोटरी), मकरध्वज पटेल (शिक्षक), रंजीत मालाकार, अशोक मालाकार, तिलेश्वर मालाकार, घुरऊ राम मालाकार, लोकनाथ मालाकार, बालमुकुंद, ललित मालाकार, मोहरसाय एवं कन्हैया लाल मालाकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कोडासियां में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह के बाद समाज के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं नागरिक सामूहिक फोटो में।
मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह के उपरांत समाज के पदाधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। अधिवक्ता विनोद पटेल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया। वहीं शिक्षक मकरध्वज पटेल ने विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

सम्मानित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने समाज के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में इस सम्मान समारोह को निरंतर जारी रखने के साथ-साथ इसे और अधिक वृहद स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता रहे। उन्होंने भविष्य में महाविद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किए जाने की बात कही।

कार्यक्रम का समापन समाज की उन्नति, शिक्षा के प्रसार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।

16 जून से 15 अगस्त तक जिले में मत्स्याखेट पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर 25 हजार रुपये तक जुर्माना

मत्स्याखेट प्रतिबंध संबंधी AI निर्मित सांकेतिक ग्राफिक
सांकेतिक AI ग्राफिक। रायगढ़ जिले में 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक मत्स्याखेट पर प्रतिबंध रहेगा।
रायगढ़, 11 जून 2026/ वर्षा ऋतु के दौरान मछलियों की वंश वृद्धि एवं प्राकृतिक प्रजनन को संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक की अवधि को बंद ऋतु (क्लोज सीजन) घोषित किया गया है। छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम-1972 की धारा-3 उपधारा-2 के तहत जारी निर्देशों के अनुसार इस अवधि में रायगढ़ जिले के अंतर्गत अधिकांश जल संसाधनों में मत्स्याखेट (मछली पकड़ने) की गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगी।

            सहायक संचालक मछली पालन विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी नदी, नाले, जलाशय एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में 16 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ना निषिद्ध रहेगा। हालांकि ऐसे छोटे तालाब एवं जल स्रोत, जिनका किसी नदी या नाले से कोई संबंध नहीं है, तथा जलाशयों में संचालित केज कल्चर गतिविधियां इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी।


उल्लंघन करने वालों पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना

बंद ऋतु के दौरान मत्स्याखेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ राजपत्र (असाधारण) दिनांक 1 जनवरी 2026 में प्रकाशित छत्तीसगढ़ जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) (द्वितीय) अधिनियम, 2025 के तहत संशोधित प्रावधानों के अनुसार छत्तीसगढ़ मत्स्य क्षेत्र अधिनियम, 1948 की धारा-5 के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर 25 हजार रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जा सकता है। मत्स्य विभाग ने जिले के मछुआरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे बंद ऋतु के दौरान मत्स्याखेट से परहेज करें तथा मछलियों के संरक्षण एवं मत्स्य संसाधनों के संवर्धन में सहयोग प्रदान करें, ताकि भविष्य में मत्स्य उत्पादन एवं जैव विविधता को बढ़ावा मिल सके।

गिरधारी साव की विवेचना वाले पांच वर्ष पुराने प्रकरण में तीन आरोपी दोषसिद्ध

पांच वर्ष पुराने प्रकरण के विवेचक उप निरीक्षक गिरधारी साव
उप निरीक्षक गिरधारी साव ने प्रकरण की विवेचना की थी। मामले में न्यायालय ने तीन आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई।
रायगढ़, 11 जून 2026। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, घरघोड़ा के न्यायालय ने छेड़खानी एवं महिला की गरिमा भंग करने से जुड़े एक प्रकरण में तीन आरोपियों तरुण कुमार साहू, छबिलाल साहू एवं उग्रसेन साहू को दोषसिद्ध पाते हुए 3-3 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया है। प्रकरण थाना पूंजीपथरा क्षेत्र का है, जिसकी विवेचना तत्कालीन थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा की गई थी। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रकरण की पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री सत्यनारायण महिलाने द्वारा की गई।

अभियोजन के अनुसार, 23 अक्टूबर 2020 को पीड़िता ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर 2020 को वह अपने मंगेतर के साथ मोटरसाइकिल से बंजारी मंदिर, तराईमाल दर्शन के लिए गई थी। मंदिर से लौटते समय गोदगोदा नाला घाट के समीप आरोपियों द्वारा पीड़िता एवं उसके मंगेतर के साथ गाली-गलौज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने उनके पास से नगदी एवं मोबाइल ले लिए तथा पीड़िता और उसके मंगेतर के फोटो एवं वीडियो तैयार किए। साथ ही उन्हें वायरल करने की धमकी देकर राशि की मांग की गई।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा पीड़िता सहित अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किए गए। जप्त मोबाइल फोन का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया, जिसमें आरोपियों द्वारा वीडियो बनाए जाने से संबंधित साक्ष्य प्राप्त हुए।

विचारण के दौरान न्यायालय में पीड़िता, उसके मंगेतर सहित कुल 9 साक्षियों के बयान दर्ज कराए गए तथा 16 दस्तावेजी एवं भौतिक साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। न्यायालय ने साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर पाया कि आरोपियों द्वारा पीड़िता के फोटो एवं वीडियो तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई तथा महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई।
न्यायालय ने तीनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 354-क, 354-ग एवं 509-क के तहत दोषसिद्ध पाया तथा धारा 354-क एवं 354-ग के अंतर्गत 3-3 वर्ष तथा धारा 509-क के अंतर्गत 1-1 वर्ष के सश्रम कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। हालांकि, अभियोजन पक्ष लूटपाट से संबंधित धाराओं को सिद्ध करने में सफल नहीं हो सका।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के विरुद्ध अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस प्रभावी विवेचना के माध्यम से न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुशासन तिहार: कापू शिविर में दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को मिले सहायक उपकरण

कापू में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान हितग्राहियों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाते हुए
धरमजयगढ़ विकासखंड के कापू में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पात्र दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर तथा अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
रायगढ़, 11 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के तहत धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र कापू में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

कापू निवासी सुरेश यादव लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। सुशासन तिहार शिविर में उनके आवेदन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्रायसाइकिल मिलने से उनके लिए दैनिक कार्यों हेतु आवागमन सुगम हो सकेगा।

इसी प्रकार एक दृष्टिबाधित महिला को ब्लाइंड स्टिक प्रदान की गई, जिससे सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन में सहायता मिलेगी। वहीं अघनमती, रतनराम, रामसाय तथा बोदोबाई तिर्की सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। इन सहायक उपकरणों से उनके दैनिक आवागमन में सुविधा होगी।

समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया गया तथा उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक एवं वॉकिंग स्टिक जैसे सहायक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। उपसंचालक समाज कल्याण विभाग श्री शिवशंकर पाण्डेय ने बताया कि विभाग द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

लैलूंगा में रागी की खेती का बढ़ता दायरा, किसानों की आय में हो रही बढ़ोतरी

लैलूंगा क्षेत्र में अपनी तैयार रागी फसल के बीच खड़े किसान
रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड में किसान अपनी तैयार रागी फसल के साथ। प्रशासन के सहयोग और प्रशिक्षण से रागी उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है।
रायगढ़, 11 जून 2026। जिले में किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास अब सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। लैलूंगा विकासखंड के किसान परंपरागत धान की खेती से आगे बढ़कर रागी जैसी पौष्टिक और लाभकारी फसल को अपना रहे हैं। प्रशासन की पहल से किसान न केवल रागी का उत्पादन कर रहे हैं, बल्कि इससे बेहतर आय भी अर्जित कर रहे हैं।

लैलूंगा क्षेत्र में कटाई के लिए तैयार रागी की फसल का दृश्य
लैलूंगा विकासखंड में रागी की तैयार फसल। फसल विविधीकरण की पहल के तहत क्षेत्र के किसान रागी उत्पादन कर रहे हैं
लैलूंगा के किसान बलार साय इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं। दिसंबर 2025 में जिला प्रशासन द्वारा उन्हें अन्य किसानों के साथ बरगढ़ में रागी की उन्नत खेती के अध्ययन भ्रमण पर भेजा गया था। भ्रमण के दौरान किसानों ने रागी उत्पादन, प्रबंधन और विपणन की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद बलार साय ने ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर रागी की खेती करने का निर्णय लिया।

कृषि विभाग द्वारा उन्हें रागी उत्पादन का प्रशिक्षण, गुणवत्तायुक्त बीज, तकनीकी मार्गदर्शन तथा डीएमएफ मद से अनुदान सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही खेतों में गुड़ाई एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए कृषि उपकरण भी प्रदान किए गए। रागी विशेषज्ञ जेकब द्वारा किसानों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिससे आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाने में सहायता मिली।

आज बलार साय के खेतों में रागी की फसल पूरी तरह तैयार होकर कटाई के लिए खड़ी है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर क्षेत्र के अन्य किसान भी रागी उत्पादन की ओर आकर्षित हुए हैं।

वर्तमान में लैलूंगा क्षेत्र में लगभग 25 किसान खरीफ और ग्रीष्मकालीन मौसम को मिलाकर लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में रागी की खेती कर रहे हैं। इनमें खरीफ सीजन में लगभग 15 एकड़ तथा ग्रीष्मकालीन मौसम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र शामिल है। कृषि विभाग के अनुसार रागी की फसल से प्रति एकड़ औसतन 8 से 10 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में रागी का बाजार मूल्य लगभग 50 रुपये प्रति किलोग्राम है, जिससे किसानों को अच्छी आय प्राप्त हो रही है।

किसानों की उपज के विपणन के लिए वन धन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। वहीं बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत उत्पादित बीजों की खरीदी बीज निगम द्वारा किए जाने की व्यवस्था भी है। बलार साय के अलावा गोसाई राम राठिया, जोगी राम प्रधान, कलिंदर नायक और भवानी प्रसाद पंडा सहित अनेक किसान रागी उत्पादन से लाभान्वित हो रहे हैं।

किसानों का कहना है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर दिए गए प्रशिक्षण, तकनीकी सलाह और विपणन सुविधाओं ने उन्हें नई फसल अपनाने का आत्मविश्वास दिया है।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसलों तथा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस पहल से किसानों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ कृषि में दीर्घकालिक स्थिरता, जल संरक्षण और पोषणयुक्त फसलों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

किरोड़ीमल जिला अस्पताल में पहली बार सफल स्पाइन सर्जरी, स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस मरीज को मिली राहत

किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में स्पाइन सर्जरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत चिकित्सक
स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस से पीड़ित मरीज की सर्जरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत विशेषज्ञ चिकित्सक दल
रायगढ़, 07 जून 2026// रायगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई। किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय में पहली बार रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस सफलता के साथ जिला अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अब गंभीर स्पाइन संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल जगत एवं सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं के समन्वय का ही परिणाम है कि जिला अस्पताल में पहली बार स्पाइन सर्जरी जैसी जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की जा सकी। यह ऑपरेशन ओपी जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल के वरिष्ठ स्पाइन सर्जन डॉ. पाढ़ी के सहयोग से संपन्न हुआ।
रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में सफल स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम
रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में सफल स्पाइन सर्जरी के बाद मरीज के साथ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम
शल्य चिकित्सा टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पटेल, डॉ. राजकुमार गुप्ता, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पद्मलोचन पटेल, डॉ. ऊषा किरण भगत सहित ऑपरेशन थिएटर स्टाफ लाल कुमारी महंत एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मरीज लंबे समय से स्पाइनल कैनाल स्टेनोसिस (Lumbar Spine L4-L5) नामक गंभीर रीढ़ संबंधी बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी के कारण रीढ़ की नलिका संकरी हो जाने से नसों पर दबाव पड़ रहा था, जिससे उसे पैरों में झुनझुनी, असहनीय दर्द तथा कमजोरी की शिकायत थी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि उसकी सामान्य दिनचर्या और चलने-फिरने की क्षमता भी प्रभावित हो चुकी थी। चिकित्सकों ने अस्पताल में उपलब्ध नई सी-आर्म मशीन की सहायता से लेमिनेक्टॉमी एवं डिस्केक्टॉमी शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है तथा दर्द, झुनझुनी और कमजोरी में लगातार कमी आ रही है। यह सफलता केवल एक मरीज के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रायगढ़ के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र की बढ़ती क्षमता, विशेषज्ञता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रतीक है। जिला अस्पताल में जटिल शल्य चिकित्साओं की सफल शुरुआत से आम नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं अपने जिले में ही उपलब्ध होने का विश्वास मिला है।

रोटरी क्लब ने नवनीत (बंटी) अग्रवाल को किया सम्मानित, मिला ‘Excellent Secretary Award’

रोटरी डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड समारोह में नवनीत (बंटी) अग्रवाल को उत्कृष्ट सचिव सम्मान प्राप्त करते हुए
रोटरी डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड एवं थैंक्सगिविंग समारोह में लैलूंगा के नवनीत (बंटी) अग्रवाल को उत्कृष्ट कार्य एवं नेतृत्व के लिए ‘Excellent Secretary Award’ से सम्मानित किया गया।
लैलूंगा। रोटरी जगत में एक बार फिर लैलूंगा का नाम गौरवान्वित हुआ है। समाजसेवा, संगठनात्मक नेतृत्व और रोटरी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नवनीत (बंटी) अग्रवाल को “Excellent Secretary Award” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें रोटरी क्लब में सचिव के रूप में उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रदान किया गया।

नवनीत (बंटी) अग्रवाल लैलूंगा के प्रतिष्ठित व्यवसायी होने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में रोटरी क्लब द्वारा कई जनहितकारी एवं सेवा कार्य सफलतापूर्वक संचालित किए गए हैं, जिनकी सराहना रोटरी परिवार द्वारा की जा रही है।

गौरतलब है कि बंटी ऑटोमोबाइल्स के संचालक नवनीत (बंटी) अग्रवाल पिछले लगभग 27 वर्षों से क्षेत्रवासियों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। व्यवसाय के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें क्षेत्र में एक सम्मानित पहचान दिलाई है।

रोटरी क्लब द्वारा मिले इस सम्मान से न केवल अग्रवाल परिवार बल्कि पूरे लैलूंगा क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि ऐसे सम्मान समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्वों को नई प्रेरणा देते हैं और क्षेत्र का गौरव बढ़ाते हैं।

किसान बनकर पहुंचे कृषि अधिकारी, लैलूंगा में खाद बिक्री में अनियमितता; 74 बोरी खाद जब्त

लैलूंगा में खाद बिक्री मामले की जांच के दौरान गोदाम में रखी खाद की बोरियों का निरीक्षण करते कृषि विभाग के अधिकारी
लैलूंगा में जांच के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने गोदाम में रखी खाद की बोरियों का निरीक्षण किया।

रायगढ़, 6 जून 2026।
किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में निगरानी और औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को लैलूंगा विकासखंड में कृषि विभाग की जांच के दौरान खाद बिक्री में अनियमितता का मामला सामने आया, जिसके बाद प्रशासन ने संबंधित गोदाम को सील कर 74 बोरी खाद जब्त कर ली। साथ ही खाद विक्रय पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाते हुए संचालक को नोटिस जारी किया गया है।

लैलूंगा में खाद बिक्री मामले में कार्रवाई के बाद सील किए गए गोदाम के सामने खड़े कृषि विभाग के अधिकारी
जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद प्रशासन ने गोदाम सील कर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक कृषि स्वयं किसान बनकर खाद खरीदने पहुंचे थे। जांच के दौरान सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) खाद, जिसकी कीमत लगभग 750 रुपये प्रति बोरी बताई गई है, उसे किसानों को 1800 रुपये प्रति बोरी की दर से बेचे जाने की बात सामने आई। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक बोरी पर एक हजार रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि वसूले जाने की बात सामने आई।

शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लैलूंगा स्थित एक दुकान के गोदाम को सील कर दिया तथा वहां रखी 74 बोरी खाद जब्त कर ली। जांच में अनियमितता पाए जाने पर दुकान के खाद विक्रय पर 10 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही संचालक से जवाब तलब करते हुए नोटिस जारी किया गया है।

किसानों के हितों से समझौता नहीं

कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले में खाद की कृत्रिम कमी नहीं होने दी जाए और किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा है कि अधिक मूल्य वसूली, जमाखोरी अथवा अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार राज्य शासन के निर्देशों के तहत जिलेभर में खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध हो सके।

आगे भी जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों के भंडारण एवं विक्रय की नियमित जांच जारी रहेगी। यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलते हुए या कृत्रिम अभाव उत्पन्न करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान उर्वरक निरीक्षक श्री पवन उरांव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री फुलेश्वर पैकरा सहित कृषि विभाग का अमला मौजूद रहा। जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य वसूली संबंधी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही कार में अवैध गांजा बरामद, लैलूंगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ओडिशा से अंबिकापुर जा रही कार से बरामद अवैध गांजा, लैलूंगा पुलिस की कार्रवाई
ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही कार में अवैध गांजा बरामद, लैलूंगा पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
 लैलूंगा। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।कटकलिया में पुलिस द्वारा रोकी गई कारपुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा से अंबिकापुर की ओर एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया गांव के पास घेराबंदी कर कार क्रमांक OD10H0050 को रोककर तलाशी ली।लैलूंगा पुलिस द्वारा बरामद अवैध गांजे की खेपतलाशी के दौरान वाहन से अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गांजा, वाहन एवं अन्य सामग्री को जब्त कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे थे। सूचना मिलने पर लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर जांच की, जिसमें अवैध गांजा बरामद किया गया।"

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लैलूंगा क्षेत्र के आसमान में लगातार दिख रहा छोटा विमान (चार्टड प्लेन), लोगों में उत्सुकता

लैलूंगा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना

लैलूंगा। विकासखंड के विभिन्न गांवों के ऊपर पिछले कुछ दिनों से एक छोटा विमान ( चार्टड प्लेन )उड़ता दिखाई दे रहा है। विमान को बार-बार क्षेत्र के ऊपर राउंड लगाते देख लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लैलूंगा क्षेत्र में कम ऊंचाई पर उड़ता छोटा विमान, लोगों के बीच चर्चा का विषय बना
स्थानीय लोगों के अनुसार विमान पिछले कुछ दिनों से दिन के समय क्षेत्र के ऊपर कई बार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विमान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर उड़ता नजर आता है, जिससे लोगों का ध्यान उसकी ओर आकर्षित हो रहा है।

इसी बीच कई लोगों ने विमान के वीडियो और तस्वीरें भी कैद की हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा की जा रही हैं ।

लैलूंगा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से विमान की लगातार गतिविधियों को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रतिदिन विभिन्न समय पर विमान के दिखाई देने से लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि विमान के उद्देश्य को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

नोट : यह समाचार क्षेत्र में देखी गई गतिविधियों एवं उपलब्ध तस्वीर के आधार पर तैयार किया गया है। विमान के उद्देश्य की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

सुशासन तिहार में ग्रामीणों की समस्या का त्वरित समाधान,वित्त मंत्री की पहल पर 24 घंटे के भीतर बदला गया ट्रांसफार्मर

रायगढ़ के ग्राम चपले बयांग चौक में खराब ट्रांसफार्मर बदलते विद्युत विभाग के कर्मचारी
रायगढ़, 23 मई 2026। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘सुशासन तिहार’ के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। रायगढ़ जिले के ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब होने से उत्पन्न बिजली संकट का समाधान मात्र 24 से 30 घंटे के भीतर कर ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चपले, बयांग चौक में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। भीषण गर्मी के बीच बिजली बाधित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पेयजल व्यवस्था सहित दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं।

ग्रामीणों द्वारा समस्या की जानकारी वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर शीघ्र बिजली व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।

मंत्री के निर्देश मिलते ही अवकाश के दिन भी विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय हो गए और युद्ध स्तर पर कार्य प्रारंभ किया। विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चपले, बयांग चौक में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

बिजली व्यवस्था सुचारू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है तथा शासन की संवेदनशीलता गांव स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

रायगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते महापौर, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी
रायगढ़, 23 मई 2026/ जिले की कानून व्यवस्था और अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक एवं वैज्ञानिक स्वरूप देने की दिशा में आज रायगढ़ को बड़ी सौगात मिली। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया। महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया। आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सटीक विवेचना और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा जिले को यह हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित यह यूनिट अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी।

रायगढ़ में मोबाइल फॉरेंसिक वैन शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते एसएसपी शशि मोहन सिंह

इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रायगढ़ में क्षेत्रीय एफएसएल लैब की स्थापना और अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट की शुरुआत से अपराध जांच प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के दौरान रायगढ़ में क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल लैब) का शुभारंभ किया था। इस प्रयोगशाला से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की पुलिस जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अब अधिकांश वैज्ञानिक परीक्षण स्थानीय स्तर पर ही संभव होने से जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सकेगा।

       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में जिले को साइबर थाना, क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला और डायल-112 के लिए 16 आधुनिक ईआरवी वाहन मिले हैं। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संग्रहण और परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी।

      उप संचालक एफएसएल एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ.पी.एस. भगत ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत अब गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की तत्काल मौजूदगी अनिवार्य हो गई है। ऐसे में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर त्वरित वैज्ञानिक परीक्षण कर सकेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी। मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकों और “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन एवं डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण किया जा सकेगा। वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल संग्रह उपकरण, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, बुलेट होल एवं जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण तथा जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे, जो अपराधियों के खिलाफ मजबूत अभियोजन तैयार करने में मददगार साबित होंगे।

        इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती तजेश्वरी देवी देवांगन, एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी, उप संचालक अभियोजन श्री वेद प्रकाश पटेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, आरआई श्री अमित सिंह, थाना प्रभारीगण, पार्षदगण, जिला न्यायालय, अभियोजन कार्यालय, पुलिस विभाग, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने किया।