फरसाकानी में सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह संपन्न, कबड्डी व इनामी नाटक कार्यक्रम हुए आयोजित

सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह फरसाकानी में स्थापित मां शारदा की प्रतिमा

सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह फरसाकानी में मां शारदा की पूजा आरती करते श्रद्धालु

कोड़ासियां - ग्राम पंचायत कोड़ासियां अंतर्गत फरसाकानी में आयोजित सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह 2026 श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ 27 जनवरी 2026 को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। पांच दिवसीय इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ कबड्डी प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता तथा इनामी नाटक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने सहभागिता की।

सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह 2026 फरसाकानी में आयोजित कब्बडी प्रतियोगिता का दृश्य

आयोजन का शुभारंभ 23 जनवरी 2026 को कलश यात्रा एवं मां शारदा की प्रतिमा स्थापना के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रतिदिन प्रातः एवं संध्या कालीन पूजन-आरती की जाती थी। साथ ही रात्रिकालीन कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया था , जिसमें नृत्य प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता एवं हंडीफोड़ प्रतियोगिता प्रमुख आयोजन थे।

सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह 2026 फरसाकानी में आयोजित डांस प्रतियोगिता का दृश्य

25 जनवरी की रात्रि नृत्य प्रतियोगिता, 26 जनवरी को हंडीफोड़ प्रतियोगिता तथा 27 जनवरी की रात्रि में आयोजित नाटक प्रतियोगिता ने लोगों के मनोरंजन किया । इन कार्यक्रमों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सार्वजनिक मां शारदा पूजन समारोह 2026 फरसाकानी में आयोजित नाटक प्रतियोगिता का दृश्य

वर्ष 2011 से हो रहा आयोजन

इस कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2011 से हुई थी। समय के साथ समिति द्वारा आयोजन को निरंतर विस्तार दिया गया और प्रत्येक वर्ष नए कार्यक्रम जोड़े गए। कार्यक्रम का संचालन पवित्र शर्मा द्वारा किया गया। आयोजन समिति में मालिक राम पैंकरा, रमेश पैंकरा (अध्यक्ष), पदमन साय पैंकरा तथा नोहर साय पैंकरा (उपाध्यक्ष) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूरे आयोजन के दौरान ग्राम फरसाकानी में श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण बना रहा। ग्रामवासियों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा की इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहता है। शारदा कल्याण समिति, फरसाकानी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामवासियों एवं युवाओं का विशेष योगदान रहा। समिति ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


अपडेट : कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र पर किसानों की नाराज़गी का समाधान, नायब तहसीलदार के समझाइश के बाद स्थिति सामान्य

धान उपार्जन केंद्र कोड़ासियां में सामान्य स्थिति

धान उपार्जन केंद्र कोड़ासियां में सामान्य स्थिति, धान बेचने हुए किसान


कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र में टोकन नहीं कटने को लकर मांग में व्याप्त नाराज़गी का समाधान निकल आया है। किसानों द्वारा मंडी गेट पर बैठकर अपनी मांग रखे जाने की सूचना पर नायब तहसीलदार लैलूंगा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए किसानों को समझाइश दी।

मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार लैलूंगा उज्ज्वल पांडे ने किसानों से चर्चा के बाद कुछ किसानों के टोकन तत्काल काटे गए, जबकि शेष किसान जिनका भौतिक सत्यापन बचा हुआ है जिन्होंने आवेदन प्रस्तुत किया है उन किसानों के टोकन आगामी दो दिनों के भीतर काटे जाने एवं धान खरीदी सुचारू रूप से किए जाने का भरोसा दिलाया गया एवं एक पंचनामा बना कर लिखित आश्वासन  भी किसानों को दिया गया है। मंगलवार को नायब तहसीलदार के द्वारा कुल 38 किसानों के टोकन कटवाए गए हैं।


नायब तहसीलदार द्वारा किसानों को प्रदान किया गया, लिखित आश्वासन एवं पंचनामा पत्र


प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट होकर किसानों ने मंडी गेट पर चल रही बैठक समाप्त कर दी और मंगलवार की धान खरीदी को सामान्य रूप से संपन्न होने दिया गया।


किसानों ने जताया संतोष


किसानों का कहना है कि नायब तहसीलदार के कार्य से वे संतुष्ट हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।


नायब तहसीलदार ने मौखिक रूप से बताया कि टोकन काटने में आ रही कुछ तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है। टोकन नहीं कटने के कारण किसान असंतुष्ट थे, जिसके चलते उन्होंने धान उपार्जन केंद्र कोड़ासियां के गेट पर बैठकर अपनी मांग रखी थी, जिससे कुछ समय तक तालाबंदी की स्थिति थी। समझाइश और तत्काल कार्रवाई के बाद किसानों ने गेट खोल दिया, जिसके बाद धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही।

कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र में टोकन नहीं कटने को लेकर किसानों की नाराजगी, मंडी गेट पर बैठे किसान

कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र के गेट पर किसान अपनी मांगों को लेकर बैठे हुए

कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र में टोकन नहीं कटने से नाराज़ किसानों ने मंगलवार को मंडी गेट पर बैठ कर नाराजगी जाहिर किया। नाराज किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में मंडी परिसर में ताला लगाकर नाराजगी दर्ज कराया।

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार लैलूंगा मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। नायब तहसीलदार द्वारा मौके पर लगभग 20 किसानों के टोकन कटवाए गए, लेकिन इसके बावजूद किसान संतुष्ट नहीं हुए।

किसानों का कहना है कि केवल कुछ किसानों के टोकन काटने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि जिनका टोकन नहीं कटा है ऐसे सभी किसानों के टोकन तत्काल काटे जाएं और सभी किसानों के धान खरीदी की जाए ताकि किसी भी किसान के साथ भेदभाव न हो। 

इस दौरान  ब्लॉक कांग्रेस लैलूंगा के पूर्व अध्यक्ष ठंडा राम बेहरा एवं पूर्व विधायक हृदय राम राठिया भी किसानों के समर्थन में मंडी के सामने बैठे और प्रशासन से किसानों की मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक नायब तहसीलदार लैलूंगा, धान उपार्जन केंद्र कोड़ासियां में मौजूद हैं और किसान मंडी के गेट में बैठे हुए हैं  फिलहाल किसानों ने मांगें पूरी होने तक गेट पर बैठे रहने की बात कही है।



अपडेट खबर पढ़ें: कोड़ासियां धान उपार्जन केंद्र पर किसानों की नाराज़गी का समाधान, प्रशासनिक समझाइश के बाद स्थिति सामान्य




कोड़ासियां में ग्राम पंचायत भवन एवं शैक्षणिक संस्थानों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

कोड़ासियां में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों की उपस्थिति


कोड़ासियां। 77वें गणतंत्र दिवस को ग्राम पंचायत कोड़ासियां में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम पंचायत भवन में सरपंच चैतमती पैंकरा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को मिष्ठान वितरण किया गया। पंचायत सचिव जयलाल पटेल एवं समस्त पंचगण कोड़सिया एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कोड़ासियां ग्राम पंचायत में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम


कोड़ासियां विद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल शिक्षक और अतिथि गण


विद्यालयों में गणतंत्र दिवस समारोह कार्यक्रम 

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां सहित क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां में शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी मालाकार एवं जनपद सदस्य हेमसागर नाग द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं संकुल भवन में अधिवक्ता अभय पटेल एवं अशोक मालाकार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

माध्यमिक शाला कोड़ासियां में उपसरपंच जितेंद्र बेहरा एवं प्रेमसागर मालाकार द्वारा, प्राथमिक शाला कोड़ासियां में घनोंराम मालाकार एवं रामसाय नाग द्वारा तथा प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में अखिलेश चौहान एवं जगमोहन नाग द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा परेड एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों को सलामी दी गई। विद्यार्थियों ने झंडा गीत गाते हुए कोड़ासियां मुख्य बस्ती में प्रभात फेरी भी निकाली। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें तीनों शालाओं के विद्यार्थियों द्वारा एक ही मंच से संयुक्त रूप से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पिछले शिक्षण सत्र में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण कर समारोह का समापन किया गया।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां के प्राचार्य मालिक चंद भरद्वाज, शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, जनपद सदस्य हेमसागर नाग, सरपंच चैतमती पैंकरा, उपसरपंच जितेंद्र बेहरा, अधिवक्ता अभय पटेल एवं विनोद पटेल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला समिति सदस्य, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कोड़ासियां बालक छात्रावास के बच्चों को दैनिक उपयोगी सामग्री वितरित करते अतिथि


बालक छात्रावास के विद्यार्थियों को वितरित की गई उपयोगी सामग्री

कार्यक्रम के अंतर्गत प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास के विद्यार्थियों को दैनिक उपयोग की सामग्री का वितरण किया गया। छात्रावास अधीक्षक ब्रजमोहन खूंटे द्वारा प्राचार्य मालिक चंद भरद्वाज, शाला समिति अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, उपसरपंच जितेंद्र बेहरा एवं अखिलेश चौहान के हाथों यह सामग्री विद्यार्थियों को वितरित कराई गई।

कोड़ासियां में सरस्वती शिशु मंदिर का वार्षिक उत्सव संपन्न, मातृ सम्मेलन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा उत्साह

सरस्वती शिशु मंदिर कोडासिया में वार्षिक उत्सव में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का फोटो


कोड़ासियां स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ वार्षिक उत्सव, मातृ सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हेमसागर नाग (जनपद सदस्य), मालिक चंद भारद्वाज (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ासियां के प्राचार्य) ,  विनोद पटेल , नतालियूस तिर्की, लक्ष्मी प्रसाद मालाकार, भगत राम सिदार एवं प्रेम सागर मालाकार शामिल रहे।

मातृ सम्मेलन का आयोजन

कार्यक्रम के अंतर्गत मातृ सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में माताओं ने भाग लिया। सम्मेलन में बच्चों के संस्कार, शिक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास विषय पर विचार साझा किए गए। मातृ सम्मेलन कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्याकुमारी मालाकार ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में वर्षा यादव, निर्मला नाग , उर्मिला भगत उपस्थित रहे।

माताओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं

मातृ सम्मेलन के दौरान माताओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खेलों के माध्यम से कार्यक्रम में आनंदमय एवं सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

विद्यारंभ संस्कार 

इसी शिक्षण सत्र में विद्यालय में प्रवेश लेने वाले कुछ नए बच्चों का विद्यारंभ संस्कार भी किया गया , जिसमें हवन पूजन किया गया , इस कार्यक्रम में बच्चों के माता पिता ने भी भाग लिया।

सरस्वती शिशु मंदिर कोडासिया में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मंच पर बैठे अतिथि गण

सरस्वती शिशु मंदिर के छात्राओं द्वारा वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति


सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 

विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं का विवरण भी साझा किया गया, जिसमें कक्षा पहली से लेकर कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य-आचार्याएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया