रायगढ़, 24 जनवरी। थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम गमेकेला में 24 जनवरी 2026 को जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का नेतृत्व थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को समसामयिक अपराधों के प्रति जागरूक करना, महिला सुरक्षा को मजबूत करना और जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचना रहा। चौपाल में गांव की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने महिलाओं से जुड़े अपराधों की रोकथाम, साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित यातायात के नियमों तथा मानव तस्करी की पहचान और उससे बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी या ऑनलाइन प्रलोभन से सतर्क रहना आवश्यक है और किसी भी प्रकार की ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
यातायात सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन नियमों का पालन न केवल कानून के लिए, बल्कि स्वयं की और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को यह भी आगाह किया गया कि कई बार चोर और बदमाश गांवों में फेरी के बहाने मकानों की रेकी करते हैं और बाद में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे बाहरी व्यक्तियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि लैलूंगा क्षेत्र के कई गांवों में महिलाओं ने समूह बनाकर अवैध शराब की निगरानी शुरू की है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस की कार्रवाई में सहयोग मिला है, जिससे क्षेत्र में शराबखोरी और उससे जुड़े झगड़ा-मारपीट जैसी घटनाओं में कमी आई है। चौपाल में मौजूद महिलाओं ने समिति बनाकर नशा मुक्ति के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प भी लिया।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की। जन चौपाल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं पुलिस जन सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन प्रभावी और सराहनीय रहा।



निवेदन है कि टिप्पणी करते समय शालीनता बनाए रखें। कृपया अभद्र भाषा, व्यक्तिगत आरोप, अपशब्द या नफरत फैलाने वाली टिप्प्णी न करें, हम पाठकों से सकारात्मक और जिम्मेदार संवाद की अपेक्षा करते हैं।