![]() |
| प्राथमिक शाला चारगोड़ा में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के साथ अतिथि एवं शिक्षकगण। |
लैलूंगा। वार्ड क्रमांक 06 स्थित प्राथमिक शाला चारगोड़ा में 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक युवा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शिवशंकर पैंकरा उपस्थित रहे। उनके साथ शाला विकास समिति के अध्यक्ष, पालकगण, जनप्रतिनिधि एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
अतिथियों ने बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान शाला विकास समिति के अध्यक्ष, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
