जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार : की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
रिपोर्ट: जागेश्वर भुईहर ( जिला ब्यूरो रायगढ़ )
रायगढ़। जिला पंचायत रायगढ़ में जिला स्तरीय शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों के प्रवेश, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, मध्यान्ह भोजन, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण सहित विद्यालय भवनों, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा जिले की शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों से जानकारी
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिदार ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव बताते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत के सदस्य तथा विभिन्न जनपद पंचायतों के उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ रायगढ़ जिले की शिक्षा व्यवस्था को धरातल पर और अधिक मजबूत बनाना तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना रहा।
शिक्षा में सुधार, विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तथा विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए जिला पंचायत रायगढ़ द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आवश्यक प्रयासों पर बैठक में चर्चा की गई।





